TRENDING TAGS :
Hapur News: पीएम मोदी और सीएम योगी की वीडियो से छेड़छाड़, आरोपी युवक पर केस दर्ज
Hapur News: हापुड़ के सिंभावली में पीएम मोदी और सीएम योगी की आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज, इलाके में आक्रोश।
Hapur News :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरों के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ कर बनाया गया एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वीडियो सामने आते ही लोगों में नाराजगी फैल गई। मामले को लेकर क्षेत्र का माहौल गरमाने लगा तो पुलिस भी सक्रिय हो गई। जांच के बाद पुलिस ने वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की पहचान कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।मामले की जानकारी के अनुसार, वैठ मोड़ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजवीर सिंह सात नवंबर को क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने की सूचना मिली। वीडियो की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू कर दी।
पीएम मोदी और सीएम योगी की तस्वीर से की गई छेड़छाड़
पुलिस जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरों को एडिट करके इस तरह प्रदर्शित किया गया था, जिसमें एक युवक उनके पैर छूता हुआ दिखाई दे रहा था। इस वीडियो को लेकर लोगों में नाराजगी फैल गई। हिंदू समाज सहित सर्वसमाज के लोगों ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए विरोध जताया।
फेसबुक और इंस्टाग्राम पर किया था वायरल
पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट की जांच करते हुए वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की पहचान की। आरोपी की पहचान जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव खागोई निवासी फईम उर्फ फहीम पुत्र निजाम के रूप में हुई। आरोप है कि युवक ने अपने फेसबुक अकाउंट और इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से वीडियो को प्रसारित किया था।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, कार्रवाई शुरू
थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के मामले में आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने से बचें। बिना जांचे-परखे किसी वीडियो या पोस्ट को साझा न करें, जिससे सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था प्रभावित हो।


