TRENDING TAGS :
Hapur News: 50 खंभों से रातोंरात बिजली लाइन चोरी, किसानों में मचा हड़कंप
Hapur News: हापुड़ के बहादुरगढ़ क्षेत्र में चोर करीब 50 बिजली के खंभों से हाईटेंशन और एलटी लाइन काटकर ले गए। बिजली आपूर्ति बाधित होने से किसानों के नलकूप बंद हैं और फसलों की सिंचाई प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है।
Hapur News
Hapur News: हापुड़ जिले में बिजली लाइन चोरी करने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। गढ़ कोतवाली क्षेत्र में करीब 80 खंभों से बिजली के तार चोरी होने के बाद अब बहादुरगढ़ क्षेत्र में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। गांव सेहल से हाजीपुर जंगल मार्ग के बीच चोर रातोंरात करीब 50 बिजली के खंभों से हाईटेंशन और एलटी लाइन काटकर ले गए। सुबह जब किसानों और ऊर्जा निगम के कर्मचारियों को घटना की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया।बिजली लाइन चोरी होने के कारण क्षेत्र के कई किसानों के नलकूप कनेक्शन प्रभावित हो गए हैं। खेतों में सिंचाई का समय होने के कारण किसानों की चिंता और बढ़ गई है। यदि जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो कई सौ बीघा फसल प्रभावित होने की आशंका है।
रात के अंधेरे में काट दिए तार, सुबह खुला राज
जानकारी के अनुसार, चोरों ने गांव सेहल से हाजीपुर जंगल मार्ग पर बिजली के खंभों को निशाना बनाया। सुनसान क्षेत्र का फायदा उठाकर बदमाशों ने कई खंभों से हाईटेंशन और एलटी लाइन काटी और तार लेकर फरार हो गए। घटना का पता सुबह उस समय चला, जब ग्रामीण और किसान खेतों की ओर पहुंचे।एक साथ बड़ी संख्या में खंभों से तार गायब देखकर किसानों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची और चोरी गए तार तथा प्रभावित बिजली लाइनों का जायजा लिया।
नलकूप बंद, किसानों की बढ़ी चिंता
गांव सेहल निवासी किसान देवेंद्र सिंह ने कहा कि क्षेत्र में पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसके बावजूद रात के समय पुलिस की गश्त और निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिजली की लाइन काटकर ले जाना सामान्य चोरी नहीं है, क्योंकि इसके लिए चोरों को काफी समय तक मौके पर रहना पड़ा होगा।किसान सुदेश कुमार ने बताया कि बिजली लाइन चोरी होने से नलकूपों की आपूर्ति बाधित हो गई है। खेतों में खड़ी फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। किसानों ने ऊर्जा निगम से जल्द लाइन दुरुस्त कराने और प्रशासन से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।घटना की सूचना मिलने के बाद ऊर्जा निगम के जेई संजय कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर चोरी की स्थिति की जानकारी जुटाई। जेई ने मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया है। विभाग की ओर से चोरी गए तार की मात्रा और नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
गढ़ में 80 खंभों से चोरी के बाद फिर बड़ी वारदात
बहादुरगढ़ में हुई ताजा घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि इससे पहले गढ़ कोतवाली क्षेत्र में चोर करीब 80 बिजली के खंभों से तार काटकर ले गए थे। इन लाइनों से सैकड़ों किसानों के नलकूप कनेक्शन जुड़े हुए थे। इसके अलावा सिंभावली और बहादुरगढ़ क्षेत्र में भी बिजली लाइन चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।लगातार एक के बाद एक बिजली लाइन चोरी की घटनाएं सामने आने से यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या चोरों का कोई संगठित गिरोह ग्रामीण और जंगल क्षेत्रों में सक्रिय है। बड़ी मात्रा में तार काटने और उसे मौके से ले जाने में लगने वाले समय को देखते हुए पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस ने गठित की टीमें, जल्द गिरफ्तारी का दावा
सीओ राहुल यादव ने बताया कि बिजली के तार चोरी करने वाले आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। घटना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्र में सक्रिय संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही तार चोरी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।अब बड़ा सवाल यह है कि लगातार बिजली लाइनों को निशाना बना रहे चोरों तक पुलिस कब पहुंचती है और किसानों की प्रभावित बिजली आपूर्ति कितनी जल्दी बहाल होती है।


