TRENDING TAGS :
Hapur News: नर्स से ऑटो चालक ने की छेड़छाड़, विरोध पर रॉड से हमला कर ऑटो से फेंकने का आरोप
Hapur News: हापुड़ के कपूरपुर थाना क्षेत्र में नर्स से छेड़छाड़ का विरोध करने पर ऑटो चालक ने लोहे की रॉड से हमला कर दांत तोड़े और चलते ऑटो से फेंका।
Hapur News :-कपूरपुर थाना क्षेत्र में एक नर्स ने ऑटो चालक पर छेड़छाड़, मारपीट और गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, ऑटो में बैठने के बाद चालक ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ऑटो को सुनसान रास्ते की ओर ले जाने लगा। महिला ने जब शोर मचाकर ऑटो रोकने का प्रयास किया तो चालक ने ऑटो में रखी लोहे की रॉड से उसके मुंह पर वार कर दिया। हमले में उसके ऊपर के सामने के दो दांत टूटकर गिर गए। इसके बाद आरोपी पर चलते ऑटो से उसे बाहर धक्का देकर मौके से फरार हो गया।पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बस स्टैंड से ऑटो में बैठी थी नर्स
पीड़िता के मुताबिक, कपूरपुर थाना क्षेत्र के बौड़ा कला गांव निवासी मुमताज मेरठ स्थित एनसीआर अस्पताल में नर्स का काम करती हैं। महिला का कहना है कि 15 सितंबर की सुबह बस स्टैंड से गुलावठी की ओर से सपनावत जाने के लिए ऑटो में बैठी थी। ऑटो का नंबर UP37 AT 3484 बताया गया है।पीड़िता ने तहरीर में ऑटो चालक की पहचान इजाजुद्दीन निवासी अब्दुल्लापुर मोड़ी, थाना हाफिजपुर के रूप में बताई है।
सिरोधन के पास शुरू हुई कथित छेड़छाड़
महिला के मुताबिक, ऑटो जब सिरोधन गांव के पास पहुंचा तो चालक ने उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि चालक ऑटो को सिरोधन बाईपास से एक सुनसान रास्ते की ओर ले जाने लगा।पीड़िता ने शोर मचाते हुए ऑटो रोकने को कहा। आरोप है कि इसी दौरान चालक ने ऑटो में पड़ी रोड उठाकर उसके मुंह पर वार कर दिया।
रॉड के वार से टूटे दो दांत
महिला ने बताया कि रॉड से किए गए हमले में उसके ऊपर के जबड़े के सामने के दो दांत जड़ से निकलकर गिर गए। चोट लगने के बाद उसके मुंह से काफी खून बहने लगा।महिला का आरोप है कि इसके बाद चालक ने उसे चलते ऑटो से बाहर धक्का दे दिया। सड़क पर गिरने के कारण उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब मुकदमा दर्ज कर लगाए गए आरोपों की जांच, घटनास्थल और ऑटो की जानकारी के साथ-साथ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
सीओ पिलखुवा का बयान
पिलखुवा सीओ सतीश चंद्र का कहना है कि महिला की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


