Hapur News : हापुड़ में पेट्रोल पंप पर नशे में युवकों का हमला, मशीनें तोड़ीं, चार गिरफ्तार

Hapur News : हापुड़ में पेट्रोल पंप पर आधी रात नशे में युवकों ने तोड़फोड़ कर मशीनें तोड़ीं, पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Avnish Pal
Published on: 21 May 2026 11:26 AM IST
Hapur News : हापुड़ में पेट्रोल पंप पर नशे में युवकों का हमला, मशीनें तोड़ीं, चार गिरफ्तार
X

Hapur Petrol Pump Attack

Hapur news :-जनपद हापुड़ में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के किठौर रोड स्थित संतोष फिलिंग स्टेशन पर कुछ युवकों ने देर रात जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि शराब के नशे में धुत युवकों ने पहले सेल्समैन पर पेट्रोल देने का दबाव बनाया और जब सुरक्षा नियमों के चलते उन्हें पेट्रोल देने से मना किया गया तो उन्होंने पेट्रोल पंप पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से तोड़फोड़ करते हुए पेट्रोल पंप की मशीनों को नुकसान पहुंचाया और कर्मचारियों में दहशत फैला दी।घटना के बाद पेट्रोल पंप संचालक की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पेट्रोल देने से मना करने पर भड़के आरोपी

जानकारी के अनुसार गांव असौड़ा निवासी अमनवीर नारायण सिंह त्यागी ने थाना हापुड़ देहात में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनका संतोष फिलिंग स्टेशन किठौर रोड पर स्थित है। आरोप है कि 13 मई की रात करीब 12:30 बजे कुछ युवक मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पेट्रोल पंप पर पहुंचे और तत्काल पेट्रोल देने की मांग करने लगे।पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने युवकों की हालत देखकर उन्हें सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए पेट्रोल देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर आरोपी भड़क गए और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। कर्मचारियों ने किसी तरह मामला शांत कराया, लेकिन आरोपित बदला लेने की नीयत से वहां से चले गए।

कुछ देर बाद साथियों के साथ लौटे, बरसाए लाठी-डंडे

रिपोर्ट के मुताबिक कुछ समय बाद आरोपी अपने कई अन्य साथियों के साथ दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंचे। इस बार उनके हाथों में लाठी-डंडे और अन्य सामान था। आते ही उन्होंने पेट्रोल पंप परिसर में हमला बोल दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपितों ने कर्मचारियों को धमकाते हुए जमकर तोड़फोड़ की। पेट्रोल भरने वाली मशीनों की डिस्प्ले तोड़ दी गई, कार्यालय के बाहर लगे सामान को नुकसान पहुंचाया गया और पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अचानक हुए हमले से कर्मचारी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

मशीन क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित हुआ कामकाज

हमलावरों की तोड़फोड़ के कारण पेट्रोल पंप की मशीनों को भारी नुकसान पहुंचा। डिस्प्ले टूटने के कारण मशीन का संचालन प्रभावित हो गया, जिससे पेट्रोल पंप के नियमित कार्य में भी बाधा उत्पन्न हुई। संचालक का कहना है कि घटना से आर्थिक नुकसान के साथ-साथ कर्मचारियों में भी भय का माहौल बन गया।

सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज

घटना की सूचना मिलने के बाद थाना हापुड़ देहात पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें हमलावरों की गतिविधियां कैद मिलीं। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई।

मेरठ के चार युवक गिरफ्तार

पुलिस जांच में आरोपितों की पहचान जिला मेरठ के थाना मुंडाली क्षेत्र के गांव अजराड़ा निवासी मनी, तुषार, दीपांशु और कपिल उर्फ राकी के रूप में हुई। पीड़ित की तहरीर के आधार पर चारों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।थाना हापुड़ देहात प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story