Hapur News: पिलखुवा में फर्नीचर फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

Hapur News: हापुड़ के पिलखुवा में फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग लगने से करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ। आग में तैयार माल, मशीनें और कच्चा सामान जलकर राख हो गया।

Avnish Pal
Published on: 11 Jun 2026 8:16 PM IST
Hapur News: पिलखुवा में फर्नीचर फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान
X

Hapur News

Hapur News: जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला बजरंगपुरी में गुरुवार शाम एक फर्नीचर निर्माण इकाई में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों और घने धुएं के गुबार से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

कार्यालय से शुरू हुई आग, कुछ ही मिनटों में फैली पूरे परिसर में

जानकारी के अनुसार हापुड़ के गांव दोयमी निवासी हर्ष की पिलखुवा के मोहल्ला बजरंगपुरी में फर्नीचर निर्माण इकाई संचालित है। गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे फैक्ट्री के कार्यालय में अचानक आग लग गई। उस समय फैक्ट्री में सात कर्मचारी काम कर रहे थे।कर्मचारियों ने सबसे पहले अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लकड़ी, प्लाईवुड, फोम और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। कर्मचारियों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और स्थानीय लोगों की मदद से दमकल विभाग को सूचना दी।

आग की लपटें देख मची अफरा-तफरी

फैक्ट्री से उठते धुएं के घने गुबार को दूर-दूर तक देखा गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास रहने वाले लोग भी घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। कई लोगों को आशंका थी कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया गया तो यह आसपास की अन्य इमारतों तक भी पहुंच सकती थी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

लाखों का तैयार फर्नीचर और कच्चा माल जलकर नष्ट

आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में रखा तैयार फर्नीचर, लकड़ी, प्लाईवुड, पॉलिश सामग्री, कच्चा माल और अन्य उपकरण जलकर राख हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई सामानों को बचाने का मौका तक नहीं मिल सका।फैक्ट्री संचालक के अनुसार शुरुआती आकलन में करीब 25 लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान होने की संभावना है। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर अभी नुकसान का अंतिम आंकलन किया जा रहा है।दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेजी से आग बुझाने का अभियान चलाया। कई घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया। दमकल कर्मियों की सतर्कता के चलते आग को आसपास की अन्य इमारतों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट सहित विभिन्न संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। दमकल विभाग और संबंधित अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं।केंद्र प्रभारी सचिन बालियान ने बताया कि फर्नीचर फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है तथा हुए नुकसान का विस्तृत आकलन कराया जा रहा है।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

Next Story