TRENDING TAGS :
Hapur News: हापुड़ में शराब पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, दो और आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
Hapur News: हापुड़ में शराब ले जा रहे युवकों को रोकने पर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया गया। लाठी-डंडों और शराब की बोतलों से हुए हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Hapur News
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में पुलिस पर हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में गश्त के दौरान शराब ले जा रहे युवकों को रोकना दो पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। जांच और पूछताछ से नाराज युवकों ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया और खाकी पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों और शराब की बोतलों से किए गए हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
देर रात गश्त के दौरान हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, थाना हापुड़ देहात में तैनात हेड कांस्टेबल दौलत राम और कांस्टेबल अभिषेक त्यागी शुक्रवार देर रात करीब एक बजे लेपर्ड बाइक से क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान पुलिस टीम ग्राम मुरादपुर-निजामपुर मार्ग पर पहुंची, जहां एक बाइक पर सवार तीन युवक संदिग्ध अवस्था में आते दिखाई दिए।पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोककर तलाशी ली तो उनके पास शराब की बोतलें मिलीं। पूछताछ के दौरान युवकों ने पुलिस के साथ सहयोग करने के बजाय अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। देखते ही देखते कई युवक वहां एकत्र हो गए और उन्होंने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
लाठी-डंडों और बोतलों से किया हमला
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार हमलावरों ने पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों और शराब की बोतलों से हमला किया। अचानक हुए हमले में हेड कांस्टेबल दौलत राम और कांस्टेबल अभिषेक त्यागी घायल हो गए। घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हमले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
चार नामजद समेत 10-12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
घटना के बाद थाना हापुड़ देहात पुलिस ने चार नामजद आरोपियों सहित 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने हमलावरों की पहचान के लिए स्थानीय स्तर पर जांच शुरू की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
पहले तीन, अब दो और आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई के तहत शनिवार रात तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं सोमवार को फरार चल रहे दो अन्य आरोपी शिवम और बिट्टू निवासी ग्राम औरंगाबाद को ग्राम ददायरा चौराहे से गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि पुलिसकर्मियों पर हमला करने वाले फरार आरोपियों की तलाश जारी है। कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने और पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


