Hapur News: पिता की मौत का मातम भी नहीं छोड़ रहे रिश्तेदार! तेरहवीं पर हंगामे की आशंका से दहशत

Hapur News: हापुड़ के हाफिजपुर थाना क्षेत्र में रिटायर्ड दरोगा के बेटे ने रिश्तेदारों पर मारपीट, धमकी और 25 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है।

Avnish Pal
Published on: 25 Nov 2026 7:48 PM IST
Hapur News: पिता की मौत का मातम भी नहीं छोड़ रहे रिश्तेदार! तेरहवीं पर हंगामे की आशंका से दहशत
X

Hapur News

Hapur News: पिता की मौत का गम अभी परिवार को संभलने का मौका भी नहीं दे पाया था कि अब बेटे को अपनी जान की चिंता सताने लगी है। आरोप है कि पिता के अंतिम संस्कार के बाद घर पहुंचे रिश्तेदारों ने पहले परिवार की महिलाओं के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की, फिर विरोध करने पर बेटे के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। मामला इतना गंभीर बताया जा रहा है कि पीड़ित ने अब सीधे एसपी का दरवाजा खटखटाकर अपनी और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

पीड़ित ने 25 लाख रुपये की नाजायज मांग करने और पुराने मुकदमे वापस लेने का दबाव बनाने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।मामला हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव भटियाना का है। गांव निवासी प्रशांत तोमर पुत्र सत्यवीर सिंह ने 23 नवंबर 2026 को एसपी को शिकायती पत्र देकर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया है। शिकायती पत्र के मुताबिक, प्रशांत के पिता सत्यवीर सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में थानाध्यक्ष के पद से सेवानिवृत्त थे। 22 नवंबर 2026 को उनका निधन हो गया था। पिता की मौत के बाद परिवार और गांव के लोग अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे थे।

अंतिम संस्कार से लौटते ही घर में शुरू हुआ विवाद

प्रशांत का आरोप है कि पिता के अंतिम संस्कार के दौरान उनके ससुराल पक्ष के लोग भी घर पहुंच गए। इनमें ससुर चंद्रपाल, साले अमित और अतुल, सास रामवती तथा ससुर का एक भाई शामिल थे। इनके साथ पांच-छह अन्य लोग भी मौजूद थे। आरोप है कि घर में मौजूद प्रशांत की बहनों और अन्य महिलाओं के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी गई। परिवार के लोग पहले से ही पिता की मौत से दुखी थे, लेकिन आरोपितों ने इस संवेदनशील समय में भी विवाद खड़ा कर दिया।शिकायत के अनुसार, जब प्रशांत और अन्य परिजन अंतिम संस्कार के बाद घर लौटे तो विपक्षी पक्ष ने उनके साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का आरोप है कि ससुर चंद्रपाल, अमित और अतुल पहले भी उसके साथ मारपीट कर चुके हैं। इस संबंध में एक मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है।

पुराने मुकदमे वापस लेने का दबाव, 25 लाख रुपये मांगने का आरोप

प्रशांत ने शिकायती पत्र में अपनी पत्नी पूजा के साथ तलाक का मुकदमा भी न्यायालय में विचाराधीन होने की बात कही है। पीड़ित का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग दोनों मुकदमों को वापस लेने और अपनी पुत्री को तलाक देने का दबाव बना रहे हैं। इसके लिए 25 लाख रुपये की नाजायज मांग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। प्रशांत के मुताबिक, इसी विवाद को लेकर पहले भी पुलिस मौके पर पहुंची थी और दोनों पक्षों को समझाकर चली गई थी, लेकिन इसके बाद भी उसे धमकियां मिल रही हैं।

2 दिसंबर की तेरहवीं से पहले अनहोनी की आशंका

शिकायती पत्र में प्रशांत ने सबसे गंभीर आशंका 2 दिसंबर 2026 को होने वाले अपने पिता के तेरहवीं कार्यक्रम को लेकर जताई है। उसका आरोप है कि विपक्षी पक्ष इस दिन भी हंगामा और कोई अप्रिय घटना कर सकता है। पीड़ित ने अपनी जान-माल को खतरा बताते हुए न्यायहित में पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।प्रशांत तोमर ने एसपी से मांग की है कि हाफिजपुर थाना प्रभारी को उसकी शिकायत दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएं। साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराई जाए, ताकि पिता की तेरहवीं का कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।एसपी मधुबन कुमार का कहना है कि पीड़ित कि तहरीर पर थाना प्रभारी को जाँच के निर्देश दिए गए है।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story