TRENDING TAGS :
Hapur News : निर्माणाधीन सड़क के गहरे गड्ढे में गिरी बाइक, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
Hapur News : हापुड़ में निर्माणाधीन सड़क पर गड्ढे में बाइक गिरने से युवक की मौत, लापरवाही पर लोगों में आक्रोश और मुआवजे की मांग
Hapur Road Accident
Hapur News:-जनपद हापुड़ में निर्माणाधीन सड़क पर कथित लापरवाही एक परिवार पर भारी पड़ गई। कोतवाली क्षेत्र के अचपलगढ़ी के पास निर्माणाधीन पिलखुवा-फगौता मार्ग पर बने गहरे गड्ढे में बाइक गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि स्थानीय लोगों में निर्माण एजेंसी के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला।मिली जानकारी के अनुसार अचपलगढ़ी निवासी 42 वर्षीय विजय किसी कार्य से पिलखुवा-फगौता मार्ग से होकर गुजर रहे थे।
बताया जा रहा है कि सिद्धिविनायक हॉस्पिटल के निकट सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था। इस दौरान सड़क पर गहरे गड्ढे खोदे गए थे, लेकिन वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए थे। आरोप है कि इसी लापरवाही के चलते विजय की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में जा गिरी।
गंभीर चोट लगने से हुई मौत
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल विजय को उपचार के लिए सिद्धिविनायक हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस उन्हें रामा हॉस्पिटल लेकर पहुंची, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी।युवक की मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। विजय अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनके सामने अब परिवार के पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।
निर्माण एजेंसी की कार्यशैली पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य में बरती जा रही कथित लापरवाही पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन मार्ग पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे हैं, लेकिन सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा। रात के समय स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है, क्योंकि कई स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और चेतावनी बोर्ड भी नहीं हैं।ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि यदि समय रहते उचित सुरक्षा इंतजाम किए गए होते तो शायद एक व्यक्ति की जान बच सकती थी। लोगों ने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
मुआवजे और कार्रवाई की मांग
हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है। साथ ही सड़क निर्माण कार्य में हुई कथित लापरवाही की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी लगातार हादसों को जन्म दे रही है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई ही भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोक सकती है।
क्या बोलीं सीओ अनीता चौहान?
मामले में क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
लगातार बढ़ रहे हैं निर्माणाधीन सड़कों पर हादसे
विशेषज्ञों का मानना है कि सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करना एजेंसियों की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है। बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था जैसे उपाय दुर्घटनाओं को रोकने में अहम भूमिका निभाते हैं। लेकिन कई स्थानों पर इन नियमों की अनदेखी गंभीर हादसों का कारण बन रही है।फिलहाल विजय की मौत ने एक बार फिर निर्माण कार्यों में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। अब देखना होगा कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है।


