TRENDING TAGS :
Hapur: गली में पाइप ठीक करने पर खूनी संघर्ष, बलकटी-फावड़े से हमला; दो भाइयों के सिर में लगे 20 टांके
Hapur News: हापुड़ के सरावा गांव में घर की छत से पानी निकासी का पाइप ठीक करने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि गांव के चार लोगों ने बलकटी और फावड़े से एक परिवार पर हमला कर दिया।
Hapur News
Hapur News: गली में घर की छत से पानी की निकासी का पाइप ठीक करना एक परिवार को भारी पड़ गया। मामूली बात को लेकर शुरू हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गांव के ही चार लोगों ने एक व्यक्ति को घेरकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर बचाव में पहुंचे उसके भाई, बेटे और भाई की पत्नी पर भी हमला कर दिया गया। हमलावरों ने बलकटी और फावड़े से ताबड़तोड़ वार किए, जिसमें दो सगे भाइयों के सिर फट गए। दोनों के सिर में कुल 20 टांके आए हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।मामला थाना क्षेत्र के गांव सरावा का है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, गांव निवासी पवन कुमार ने बताया कि 20 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे वह अपने घर की छत से पानी की निकासी के पाइप को ठीक करने के लिए घर के पास गली में पहुंचा था। इसी दौरान गांव का जयकिशोर अपने बेटों विनय, अभिषेक और प्रिंस के साथ वहां आ गया। आरोप है कि चारों ने गली में आने को लेकर विरोध जताते हुए पवन के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। पवन ने जब इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
बचाव में आए भाई और बेटे को भी बनाया निशाना
पवन के साथ मारपीट होती देख उसका भाई अरुण, बेटा कार्तिक और भाई की पत्नी कौशल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बीच-बचाव कर पवन को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान विनय और अभिषेक के हाथों में बलकटी और फावड़ा था। आरोप है कि दोनों ने इन हथियारों से परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला और देखते ही देखते मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दो भाइयों के सिर फटे, पवन को आठ तो अरुण को लगे 12 टांके
हमले में पवन और उसके भाई अरुण के सिर में गंभीर चोटें आईं। उपचार के दौरान पवन के सिर में आठ और अरुण के सिर में 12 टांके लगाने पड़े। वहीं, कार्तिक और कौशल को भी चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट करने के बाद पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोबारा गली में दिखाई दिए तो गंभीर अंजाम भुगतना पड़ेगा। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई।पवन कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उक्त लोग पहले भी कई बार उसके और परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज व मारपीट कर चुके हैं।
इस बार मामूली विवाद में बलकटी और फावड़े से हमला कर परिवार के सदस्यों को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


