Hapur News: स्टूल खरीदने गई महिला से शोरूम में मारपीट का आरोप, हाथ फ्रैक्चर, जांच शुरू

Hapur News: हापुड़ के मोदीनगर रोड स्थित शोरूम में स्टूल खरीदने गई महिला ने मारपीट, हाथ फ्रैक्चर, धमकी और समझौते के दबाव का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी।

Avnish Pal
Published on: 23 July 2026 8:58 PM IST
Hapur News: स्टूल खरीदने गई महिला से शोरूम में मारपीट का आरोप, हाथ फ्रैक्चर, जांच शुरू
X

Hapur Showroom Dispute News

Hapur News : शहर के मोदीनगर रोड स्थित एक शोरूम में खरीदारी करने पहुंची महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि स्टूल की मजबूती के बारे में सवाल पूछने पर महिला कर्मचारियों ने पहले अभद्रता की और फिर उनके साथ मारपीट कर हाथ मरोड़ दिया, जिससे उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया। इतना ही नहीं, शोरूम मालिक पर इलाज का खर्च देने का वादा कर बाद में मुकरने, समझौते का दबाव बनाने और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

स्टूल की गुणवत्ता पूछना पड़ा भारी!

पंचवटी कॉलोनी निवासी अलका सागर, पत्नी स्वर्गीय शक्ति सिंह, के अनुसार 20 जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे वह मोदीनगर रोड स्थित एक शोरूम में स्टूल खरीदने गई थीं। उन्होंने काउंटर पर मौजूद महिला कर्मचारियों से स्टूल की मजबूती के बारे में जानकारी मांगी। आरोप है कि इसी बात पर दोनों महिला कर्मचारी भड़क गईं और उनके साथ अभद्र व्यवहार करने लगीं।

पीड़िता का कहना है कि देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने गाली-गलौज करते हुए उनका हाथ जोर से मरोड़ दिया, जिससे उनके हाथ में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद उन्हें उपचार कराना पड़ा।

इलाज का खर्च देने का वादा, फिर मुकरने का आरोप

अलका सागर का आरोप है कि जब उन्होंने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो शोरूम मालिक ने उन्हें रोक लिया और इलाज का पूरा खर्च उठाने का आश्वासन दिया। लेकिन बाद में वह अपने वादे से मुकर गया और इलाज के लिए कोई आर्थिक सहायता नहीं दी।

अब समझौते का दबाव और जान से मारने की धमकी का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया कि अब शोरूम मालिक और कर्मचारी लगातार उन पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। शिकायत वापस नहीं लेने पर जान-माल का नुकसान पहुंचाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां भी दी जा रही हैं, जिससे वह और उनका परिवार भयभीत है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की मांग

पीड़िता ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित कर जांच में शामिल करने, संबंधित महिला कर्मचारियों और शोरूम मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

पुलिस का क्या कहना है?

नगर कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज सहित सभी तथ्यों की जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story