Hapur News: सिखेड़ा बाईपास पर दर्दनाक हादसा: डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत; साथी गंभीर

Hapur News: हापुड़ के सिखेड़ा बाईपास पर बाइक डिवाइडर से टकराने से दर्दनाक हादसा हुआ। हादसे में युवक की मौत, साथी गंभीर घायल हुआ।

Avnish Pal
Published on: 19 Aug 2026 12:14 PM IST
Hapur News
X

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: सिंभावली थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सिखेड़ा गांव के सामने बाईपास पर तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को उपचार के लिए सीएचसी सिखेड़ा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।

घर से दिल्ली जाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र के खेकड़ी गांव निवासी इमरान दिल्ली में बिरयानी का ठेला लगाता है। उसका साथी 23 वर्षीय सवरेज बेकरी की दुकान करता था। बुधवार सुबह दोनों बाइक से अपने घर से दिल्ली के लिए निकले थे। बताया गया है कि जैसे ही वे सिखेड़ा गांव के सामने बाईपास पर पहुंचे, इसी दौरान बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। टक्कर के कारण दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी और एसआई यतेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को हाईवे-6 के रास्ते सीएचसी सिखेड़ा पहुंचाया।अस्पताल में चिकित्सकों ने सवरेज को मृत घोषित कर दिया। वहीं इमरान की हालत गंभीर देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम

सवरेज की मौत की सूचना जैसे ही उसके परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। परिजन आनन-फानन में अस्पताल और थाने पहुंचे। जवान बेटे की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। डिवाइडर से टकराने को हादसे की वजह मान रही पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया बाइक के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के कारण हादसा होना सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story