TRENDING TAGS :
Hapur News: हापुड़ में महिला से मारपीट का आरोप, पति-ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप
Hapur News: सिंभावली के माधापुर मौज्जुमपुर गांव का मामला, महिला बोली- विरोध करने पर घर से निकालने की धमकी; हाथ में चोट लगने का दावा
Hapur News
Hapur News :-थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव माधापुर मौज्जुमपुर में घरेलू विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर आए दिन प्रताड़ित करने और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि उसके साथ कई बार इतनी बेरहमी से मारपीट की गई कि बचाव का मौका तक नहीं दिया गया। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया जाता था और बेल्ट व डंडे से हमला किया जाता था।
महिला के आरोपों के मुताबिक, ससुराल में रहने के दौरान उसे लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। उसका कहना है कि पति आए दिन किसी न किसी बात को लेकर उसके साथ विवाद करता है और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती है। इतना ही नहीं, उसे घर से निकल जाने के लिए भी कहा जाता है।
मायके से लाने पड़ते हैं कपड़े और जरूरी सामान
पीड़िता ने ससुराल पक्ष पर एक और गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसे जरूरी सामान और कपड़े तक उपलब्ध नहीं कराए जाते। मजबूरी में उसके मायके पक्ष के लोग उसके लिए कपड़े और अन्य आवश्यक सामान लेकर आते हैं। महिला का आरोप है कि पति के अलावा सास, ननद और जेठ समेत परिवार के अन्य सदस्य भी अलग-अलग बातों को लेकर उसके साथ अभद्रता और मारपीट करते हैं।
10 सितंबर की सुबह फिर हुआ विवाद
पीड़िता के अनुसार, 10 सितंबर की सुबह करीब सात बजे घर में विवाद हुआ। महिला का आरोप है कि उसके पति और सास ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसे घर के चौक में खींचकर ले जाया गया और वहां भी उसके साथ मारपीट की गई।महिला ने दावा किया कि घटना के दौरान उसके हाथ में काफी चोट आई। पीड़िता का आरोप है कि लंबे समय से चल रहे उत्पीड़न के कारण वह मानसिक रूप से परेशान हो चुकी है। लगातार विवाद और मारपीट से परेशान होकर आखिरकार उसने पुलिस की शरण ली।
थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग
घटना के बाद पीड़िता थाना सिंभावली पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए पति और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महिला ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की गुहार लगाई है।सीओ राहुल यादव ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


