Hapur News: घर के बाहर झाड़ू लगा रही महिला को खींचकर घर में ले गई पड़ोसी, पिटाई का आरोप

Hapur News: हापुड़ के सिंभावली में घर के बाहर झाड़ू लगा रही महिला को पड़ोसी ने कथित तौर पर घर में खींचकर पीटा, पुलिस ने जांच शुरू की।

Avnish Pal
Published on: 11 Sept 2026 11:38 AM IST
Hapur News: घर के बाहर झाड़ू लगा रही महिला को खींचकर घर में ले गई पड़ोसी, पिटाई का आरोप
X

Hapur News

Hapur News :-सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव सिखैड़ा में घर के बाहर झाड़ू लगा रही एक महिला के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता आसमीन ने पड़ोस की एक महिला पर पहले गाली-गलौज करने और विरोध करने पर उसे जबरन अपने घर के अंदर खींचकर ले जाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि घर के अंदर ले जाने के बाद उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई, जिससे उसके शरीर पर चोटें आई हैं। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।

सुबह घर के बाहर सफाई कर रही थी महिला

पीड़िता आसमीन के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे वह अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली महिला वहां पहुंची और कथित तौर पर उसे देखकर गाली-गलौज करने लगी।आसमीन का आरोप है कि उसने जब गाली देने का विरोध किया और ऐसा करने से मना किया तो विवाद बढ़ गया।पीड़िता के मुताबिक, इसके बाद आरोपी महिला ने उसे जबरन अपने घर के अंदर खींच लिया। आरोप है कि घर के अंदर ले जाने के बाद उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई। अचानक हुई मारपीट से वह घबरा गई। पीड़िता का दावा है कि मारपीट के कारण उसके शरीर पर चोटें आई हैं।

छोटी-छोटी बातों पर विवाद का आरोप

आसमीन ने आरोप लगाया कि संबंधित महिला पहले भी छोटी-छोटी बातों को लेकर उसके साथ गाली-गलौज करती रही है। उसका कहना है कि वह अक्सर विवाद से बचने के लिए सामने वाले की बातों को अनसुना कर देती थी, लेकिन आरोपित महिला का व्यवहार लगातार परेशान करने वाला रहा है।पीड़िता का आरोप है कि जब वह अकेली होती है तो उसके साथ अभद्रता की जाती है। बृहस्पतिवार को भी इसी तरह विवाद शुरू हुआ, जो कथित मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद महिला ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

तहरीर के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

मामले में सीओ राहुल यादव ने बताया कि महिला की ओर से तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story