TRENDING TAGS :
Hapur News: पत्नी से युवक की बातचीत पर भड़का पति, धारदार हथियार से गर्दन पर हमला; युवक गंभीर घायल
Hapur News: हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र में पत्नी से युवक की बातचीत को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि पति ने धारदार हथियार से युवक की गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
Hapur News
Hapur News: यूपी के जनपद हापुड़ के थाना सिम्भावली क्षेत्र के एक गांव में पत्नी के प्रेम संबंध को लेकर विवाद ने उस समय खतरनाक मोड़ ले लिया, जब पति ने पत्नी के साथ युवक को बातचीत करते देख अपना आपा खो दिया। आरोप है कि कहासुनी के बाद पति ने धारदार हथियार से युवक की गर्दन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
पहले चेतावनी, फिर बढ़ता गया विवाद
गांव निवासी व्यक्ति को कथित तौर पर पत्नी के गांव के ही एक युवक से बातचीत करने की जानकारी काफी समय से थी। बताया गया है कि पति ने पत्नी और युवक दोनों को इस तरह बातचीत करने से मना किया था। इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क जारी रहने का आरोप है।बताया गया कि दो दिन पहले पति ने पत्नी को युवक से बातचीत करते हुए देख लिया। इसके बाद उसने युवक को दोबारा पत्नी से बात नहीं करने की चेतावनी दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान गाली-गलौज होने लगी और मामला देखते ही देखते हिंसक हो गया।आरोप है कि गुस्से में आए पति ने धारदार हथियार से युवक की गर्दन पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। परिजन घायल को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है।
गांव में तनाव, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस विवाद के कारणों के साथ-साथ हमले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।गढ़ सीओ राहुल यादव ने बताया कि पत्नी से बातचीत को लेकर विवाद में युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की सूचना मिली है। घायल का उपचार कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है और तहरीर व जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह का विवाद बढ़ाने के बजाय कानून हाथ में नहीं लेने की अपील की है।


