Hapur News: कॉलेज गेट से छात्र का अपहरण, तमंचे की बट से पीटा; जंगल में फेंककर फरार हुए आरोपी

Hapur News: हापुड़ के दिल्ली रोड स्थित एसएसवी पीजी कॉलेज के गेट से बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र कैफ खान के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि होंडा सिटी कार सवार युवकों ने छात्र को अगवा कर तमंचे की बट और लोहे के कड़ों से बेरहमी से पीटा।

Avnish Pal
Published on: 30 Oct 2026 10:59 AM IST
Hapur News: कॉलेज गेट से छात्र का अपहरण, तमंचे की बट से पीटा; जंगल में फेंककर फरार हुए आरोपी
X

Hapur News

Hapur News: शहर के दिल्ली रोड स्थित एसएसवी पीजी कॉलेज के गेट पर दिनदहाड़े बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र के अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि होंडा सिटी कार में सवार होकर आए युवकों ने कॉलेज परिसर के बाहर से छात्र को जबरन अगवा कर लिया। इसके बाद उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर तमंचे की बट और हाथों में पहने लोहे के कड़ों से बेरहमी से पीटा गया। हमलावरों का दुस्साहस यहीं नहीं थमा। उन्होंने छात्र से जबरन माफी मंगवाई और उसका वीडियो भी बनाया। इसके बाद घायल छात्र को श्रीराम धर्मकांटा के पास जंगल में फेंककर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। दिनदहाड़े कॉलेज गेट से छात्र को उठाए जाने की इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था और शिक्षण संस्थानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फोटो खींचने के विरोध पर शुरू हुआ विवाद

ईदगाह रोड स्थित शिवदयालपुरा निवासी जावेद खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका छोटा भाई कैफ खान एसएसवी पीजी कॉलेज में बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र है। 28 अक्टूबर को दोपहर करीब सवा दो बजे कैफ कॉलेज में मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान पिलखुवा निवासी ऋषभ ने उसकी जबरन फोटो खींचनी शुरू कर दी। कैफ ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ अभद्रता करते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और मजाक उड़ाया। विरोध बढ़ने पर ऋषभ ने फोन कर अपने चार-पांच साथियों को मौके पर बुला लिया।

होंडा सिटी में डालकर ले गए, बचाने दौड़े छात्र भी रह गए बेबस

आरोप है कि कुछ ही देर में होंडा सिटी कार से पहुंचे युवकों ने कैफ को जबरन पकड़ लिया।हमलावरों ने उसके मुंह पर कपड़ा लगाकर मारपीट की और उसे कार में डालकर अगवा कर लिया। इस दौरान कॉलेज में पढ़ने वाले अमन मलिक और अयान ने कैफ को हमलावरों के चंगुल से बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों की संख्या अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। वारदात के बाद अयान ने दोपहर करीब ढाई बजे कैफ के भाई जावेद को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी।भाई के अपहरण की सूचना मिलते ही जावेद कॉलेज पहुंचा और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल छात्र के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस कराई तो अनवरपुर-नयागांव रोड की लोकेशन सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची तो कैफ श्रीराम धर्मकांटा के बराबर वाली सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

तमंचे की बट से पीटा, जबरन मंगवाई माफी और बनाया वीडियो

पीड़ित कैफ ने बताया कि आरोपी उसे सुनसान स्थान पर ले गए थे, जहां तमंचे की बट और लोहे के कड़ों से उसके साथ जमकर मारपीट की गई। आरोपियों ने उससे जबरन यह कहलवाया कि वह लड़कियों से छेड़छाड़ करता है और इसके लिए माफी मांगता है। इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया। आरोप है कि हमलावरों ने उसका मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया। उसकी जेब में रखे करीब 1400 रुपये भी गायब हो गए। हालत बिगड़ने पर आरोपी उसे सड़क किनारे जंगल में फेंककर फरार हो गए। जाते समय उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।

एक नामजद समेत कई के खिलाफ मुकदमा दर्ज

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पिलखुवा निवासी ऋषभ और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। घायल छात्र का उपचार चल रहा है।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story