TRENDING TAGS :
गंगा मेले से लौट रहे युवकों की सड़क पर दबंगई! थार से उतरे, पिस्टल लहराई और दाग दीं तीन गोलियां
Hapur News: हापुड़ के नंगौला चौकी क्षेत्र में गंगा मेले से मोदीनगर लौट रहे थार सवार युवकों पर तीन राउंड फायरिंग करने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की पहचान शुरू कर दी है।
Hapur News
Hapur News: कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले में आस्था की डुबकी लगाकर लौट रहे कुछ युवकों का रास्ते में ऐसा खौफनाक चेहरा सामने आया कि सड़क पर चल रहे लोगों में दहशत फैल गई। आरोप है कि थार कार सवार युवकों ने नंगौला चौकी क्षेत्र में पिस्टल से एक के बाद एक तीन राउंड फायरिंग कर दी। दिनदहाड़े सड़क पर गोलियां चलने से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद काफी समय तक हापुड़ और गाजियाबाद पुलिस घटनास्थल के सीमा विवाद में उलझी रही। अब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मची है। कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
आस्था के मेले से लौटते समय सड़क को बनाया फायरिंग का मैदान
जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले में मुख्य स्नान के बाद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ अपने घरों की ओर लौट रही थी। इसी दौरान कुछ युवक थार कार में सवार होकर गंगा मेले से गाजियाबाद के मोदीनगर जा रहे थे। उनके साथ कुछ युवक भैंसा-बुग्गी लेकर भी चल रहे थे। आरोप है कि नंगौला चौकी क्षेत्र में किसी बात को लेकर युवकों ने पिस्टल निकाल लिया और सड़क पर ही तीन राउंड फायरिंग कर दी। खुलेआम गोलियां चलने से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। इस दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
तीन गोलियों की गूंज के बाद भी सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस
इस घटना में सबसे गंभीर सवाल पुलिस की शुरुआती कार्रवाई को लेकर खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद घटनास्थल को लेकर हापुड़ और गाजियाबाद पुलिस के बीच सीमा विवाद बना रहा। दोनों जनपदों की पुलिस के बीच घटनास्थल को लेकर असमंजस की स्थिति रही। ऐसे में सवाल उठता है कि सरेराह फायरिंग जैसी गंभीर घटना के बाद तत्काल कार्रवाई करने के बजाय सीमा विवाद में समय क्यों गंवाया गया?घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा। इसके बाद कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। अब पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों, थार कार और फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का प्रयास है कि आरोपितों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए।
जल्द होगी आरोपितों की पहचान
एएसपी महेश कुमार ने बताया कि फायरिंग का मामला संज्ञान में आया है। कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


