TRENDING TAGS :
Hapur News : एक ही परिवार में ब्याही दो बहनों से मारपीट का आरोप, पति समेत पांच पर केस दर्ज
Hapur News: हापुड़ में नौ साल पहले एक ही परिवार में ब्याही दो बहनों ने दहेज उत्पीड़न और मारपीट का आरोप लगाया, पति समेत पांच ससुरालियों पर केस दर्ज।
Hapur Dowry Case
Hapur News : हापुड़ देहात थाना क्षेत्र की ओम विहार कॉलोनी निवासी दो सगी बहनों ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज को लेकर प्रताड़ित करने, गाली-गलौज और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित बहनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उन्हें कम दहेज लाने के लिए ताने दिए जाते थे और आए दिन उनके साथ मारपीट की जाती थी।
आरोप है कि 23 मई की रात ससुराल पक्ष के लोगों ने दोनों बहनों के साथ मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।पीड़िता पिंकी ने हापुड़ देहात थाने में दी तहरीर में बताया कि उसकी और उसकी सगी बहन प्रीति की शादी करीब नौ साल पहले 17 जनवरी 2017 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार एक ही परिवार में हुई थी। पिंकी की शादी नितिन तंवर और उसकी बहन प्रीति की शादी अंकित तंवर से हुई थी।
शादी के बाद से दहेज को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप
पिंकी का आरोप है कि शादी के समय मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार खर्च किया और दहेज का सामान भी दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने का ताना देकर दोनों बहनों को मानसिक रूप से परेशान करते रहे। पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर दोनों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।पीड़ित बहनों का आरोप है कि उन्होंने कई बार परिवार का माहौल खराब न हो, इसलिए मामले को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ससुराल पक्ष के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।
23 मई की रात दोनों बहनों से मारपीट का आरोप
पिंकी के मुताबिक, 23 मई 2026 की रात करीब नौ बजे उसके पति नितिन तंवर, जीजा अंकित तंवर, सास जयबती, ससुर सूबे सिंह और ननद रूबी ने मिलकर दोनों बहनों के साथ मारपीट की। आरोप है कि घटना के बाद दोनों बहनों को घर से निकाल दिया गया।पीड़िताओं का कहना है कि इसके बाद आरोपी ननद रूबी के घर जाकर रहने लगे। दोनों बहनों ने आरोप लगाया कि उनकी सास और ननद उनके दोनों भाइयों का घर तुड़वाना चाहती हैं और इसी वजह से विवाद बढ़ता जा रहा है।
जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
पीड़ित बहनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर उन्हें जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद दोनों बहनें परेशान होकर हापुड़ देहात थाने पहुंचीं और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति नितिन तंवर, अंकित तंवर, जयबती, सूबे सिंह और रूबी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस बोली- जांच के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
थाना हापुड़ देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


