Hapur News: तमंचे पर डांस का VIDEO VIRAL, युवक ने उड़ाई कानून की धज्जियां, तलाश में जुटी पुलिस

Hapur News: हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र में तमंचे के साथ डांस का वीडियो वायरल, पुलिस ने जांच शुरू की और युवक की पहचान में जुटी

Avnish Pal
Published on: 27 May 2026 11:18 AM IST
Hapur News: तमंचे पर डांस का VIDEO VIRAL, युवक ने उड़ाई कानून की धज्जियां, तलाश में जुटी पुलिस
X

 Hapur News

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के सिंभावली थाना क्षेत्र में एक युवक का हाथ में तमंचा लेकर डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। वायरल वीडियो में युवक अपने साथियों के बीच फिल्मी अंदाज में तमंचा लहराते हुए डांस करता दिखाई दे रहा है। वहीं घटना वीडियो सामने आने के बाद जहां पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, वहीं जनपद में युवाओं के हाथों तक हथियार पहुंचने को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

राजापुर का बताया जा रहा विडियो

प्राप्त जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो सिंभावली थाना क्षेत्र के राजापुर गांव का बताया जा रहा है। वीडियो में एक युवक अपने दोस्तों के साथ डीजे की धुन पर डांस करता नजर आ रहा है। इस दौरान उसके हाथ में तमंचा साफ दिखाई दे रहा है। युवक न केवल हथियार का प्रदर्शन कर रहा है, बल्कि बेखौफ अंदाज में उसे लहराते हुए दिखाई देता है। वीडियो में मौजूद अन्य लोग भी इस दौरान उसका उत्साह बढ़ाते नजर आ रहे हैं।

वायरल वीडियो ने खड़े किए सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर सवाल

सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि यदि हथियार लोडेड होता और किसी कारणवश फायर हो जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। ऐसे मामलों में न केवल संबंधित व्यक्ति बल्कि आसपास मौजूद लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।वहीं यह वीडियो एक बार फिर इस बात की ओर इशारा करता है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने और खुद को दबंग साबित करने की होड़ में कुछ युवा कानून को ताक पर रखने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं।

आखिर युवाओं के हाथों तक कैसे पहुंच रहे हथियार?

वायरल वीडियो के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर युवक के हाथ में दिखाई दे रहा हथियार कहां से आया। यदि जांच में हथियार अवैध पाया जाता है तो यह जनपद में सक्रिय अवैध हथियार नेटवर्क की ओर भी इशारा करेगा। हालांकि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा, लेकिन यह मामला अवैध हथियारों की उपलब्धता को लेकर चिंता जरूर बढ़ा रहा है।पुलिस के अनुसार वीडियो में दिखाई दे रहे युवक और उसके साथ मौजूद अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वीडियो हाल का है या पुराना।

सीओ गढ़मुक्तेश्वर स्तुति सिंह ने क्या कहा

गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्राधिकारी स्तुति सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक युवक द्वारा हथियार के साथ डांस करने का वीडियो वायरल होने की जानकारी प्राप्त हुई है। वीडियो की जांच कराई जा रही है तथा युवक की पहचान के लिए संबंधित थाना पुलिस को निर्देशित किया गया है। जांच में वीडियो सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध शस्त्र अधिनियम एवं अन्य सुसंगत धाराओं में कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ और सार्वजनिक रूप से हथियारों का प्रदर्शन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस की निगाह अब वायरल वीडियो के युवक पर

हापुड़ पुलिस अब वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वीडियो की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।फिलहाल राजापुर गांव से जुड़े इस वायरल वीडियो ने एक बार फिर यह बहस छेड़ दी है कि सोशल मीडिया पर दिखावे और दबंगई की चाह में युवा आखिर किस दिशा में जा रहे हैं, और उनके हाथों तक पहुंच रहे हथियारों के स्रोत पर कब प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story