Hapur News: दिनदहाड़े वेयरहाउस में खूनी हमला, CCTV में कैद वारदात; 5 आरोपी नामजद

Hapur News: हापुड़ के लॉजिस्टिक्स वेयरहाउस में दिनदहाड़े घुसे बदमाशों ने कर्मचारियों पर हमला किया। CCTV में वारदात कैद, पांच आरोपियों पर केस दर्ज।

Avnish Pal
Published on: 27 July 2026 8:23 PM IST
Hapur News: दिनदहाड़े वेयरहाउस में खूनी हमला, CCTV में कैद वारदात; 5 आरोपी नामजद
X

Hapur News

Hapur News: हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में स्थित रिलायंस रोड के सीजे डार्कल लॉजिस्टिक्स लिमिटेड वेयरहाउस में हुई हिंसक वारदात ने औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार को दिनदहाड़े पांच हमलावर बाउंड्री फांदकर वेयरहाउस के अंदर घुस आए और ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। इस हमले में एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा कर्मचारी किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकला।घटना के बाद पूरे वेयरहाउस परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। कंपनी प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बाउंड्री फांदकर वेयरहाउस में घुसे हमलावर

कंपनी के प्रबंधक गोपीनाथ द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, भोवापुर के पास स्थित वेयरहाउस में शुक्रवार को पांच लोग बाउंड्री फांदकर अंदर घुस आए। उस समय कर्मचारी दिलशाद और भास्कर अपनी ड्यूटी पर पहुंचे थे। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों कर्मचारियों को घेर लिया और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया।हमले के दौरान भास्कर किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, लेकिन दिलशाद हमलावरों के कब्जे में आ गया। उसके सिर और छाती पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में रामा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

CCTV कैमरों में कैद हुई पूरी वारदात

कंपनी प्रबंधन का कहना है कि वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में हमलावरों की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। प्रबंधन ने पुलिस से सभी फुटेज सुरक्षित रखने, आरोपियों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

संविदा कर्मियों की भूमिका भी जांच के घेरे में

कंपनी द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में यह भी आशंका जताई गई है कि इस हमले में कुछ संविदा कर्मियों और स्थानीय असामाजिक तत्वों की भूमिका हो सकती है। प्रबंधन ने मांग की है कि केवल नामजद आरोपियों ही नहीं, बल्कि घटना के पीछे किसी भी साजिश या अंदरूनी मिलीभगत की भी निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि पूरे मामले का खुलासा हो सके।

औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ी सुरक्षा को लेकर चिंता

दिनदहाड़े वेयरहाउस में घुसकर कर्मचारियों पर हमला होने की घटना से क्षेत्र के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में भी चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों और उद्यमियों का कहना है कि यदि औद्योगिक इकाइयों में इस तरह की घटनाएं होती रहीं तो कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने पुलिस से औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

क्षेत्राधिकारी (सीओ) मुनीश चंद्र ने बताया कि कंपनी प्रबंधन की तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वेयरहाउस के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story