TRENDING TAGS :
Hapur News: शिवदयालपुरा में पड़ोसी विवाद बढ़ा, पानी की सप्लाई रोकने पर चार के खिलाफ मुकदमा
Hapur News: हापुड़ के शिवदयालपुरा में पानी की लाइन तोड़ने का विरोध करने पर पड़ोसियों ने दी जान से मारने की धमकी, चार पर मुकदमा दर्ज।
Hapur News
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र के शिवदयालपुरा मोहल्ले में पड़ोसी विवाद का मामला तूल पकड़ गया। पानी की लाइन तोड़ने का विरोध करने पर एक व्यक्ति के साथ गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़ित इंतखाब पुत्र निवासी शिवदयालपुरा ने कोतवाली नगर में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि उसके घर के सामने उसका गैराज स्थित है। गैराज के पास से पानी की लाइन गुजरती है, जिससे उसके घर में पानी की आपूर्ति होती है। आरोप है कि 10 जून की शाम करीब चार से पांच बजे के बीच पड़ोस में रहने वाले साबिर तथा उसके पुत्र आमिर, अदनान और सुफियान वहां पहुंचे और हथौड़े से पानी की लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
पानी की सप्लाई ठप, विरोध करने पर बढ़ा विवाद
पीड़ित का आरोप है कि पानी की लाइन टूटने से उसके घर की जलापूर्ति बाधित हो गई और उसे आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा। जब उसने आरोपितों से इसका विरोध किया तो वे आक्रोशित हो गए और उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।रिपोर्ट के अनुसार आरोपितों ने न केवल धमकियां दीं बल्कि उसे मोहल्ला छोड़ने तक की बात कही। पीड़ित का कहना है कि आरोपितों ने उसे घर बेचकर क्षेत्र छोड़ने की चेतावनी दी और ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
डायल-112 पर दी सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस
घटना से घबराए इंतखाब ने तत्काल डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद पीड़ित ने कोतवाली नगर पहुंचकर लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
आरोपितों पर मोहल्ले में दहशत फैलाने का आरोप
पीड़ित ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि नामजद आरोपित आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और आए दिन क्षेत्र में झगड़ा-फसाद कर मोहल्ले के लोगों में भय का माहौल बनाते रहते हैं। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने शुरू की जांच
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चारों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


