Hapur News : इंस्टाग्राम पर पहचान छिपाने का आरोप, विधवा महिला ने ब्लैकमेल व दुष्कर्म की शिकायत दी

Hapur News: हापुड़ में विधवा महिला ने इंस्टाग्राम पर पहचान छिपाकर प्रेमजाल, शादी का झांसा, ब्लैकमेल और धमकी देने का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी।

Avnish Pal
Published on: 23 July 2026 10:29 PM IST
Hapur News : इंस्टाग्राम पर पहचान छिपाने का आरोप, विधवा महिला ने ब्लैकमेल व दुष्कर्म की शिकायत दी
X

Hapur News :-हापुड़ शहर में एक विधवा महिला द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों ने सनसनी फैला दी है। महिला का आरोप है कि एक युवक ने सोशल मीडिया पर अपनी पहचान छिपाकर पहले खुद को हिंदू युवक "राहुल" बताया, फिर शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला का कहना है कि बाद में उसे पता चला कि युवक ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाई थी।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए और अब उन्हें वायरल करने की धमकी देकर धर्म परिवर्तन और बच्चों को छोड़ने का दबाव बना रहा है।मामले की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पैसों के लेन-देन का पहलू भी सामने आया है और सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

इंस्टाग्राम पर 'राहुल' बनकर की दोस्ती

कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली विधवा महिला ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि करीब दो साल पहले उसकी बातचीत सऊदी अरब में रह रहे एक युवक से शुरू हुई थी। महिला के अनुसार युवक ने इंस्टाग्राम पर अपना नाम "राहुल" बताकर उससे दोस्ती की और करीब पांच-छह महीने तक खुद को हिंदू बताकर बातचीत करता रहा।महिला का कहना है कि बाद में युवक के एक परिचित ने उसे बताया कि वह राहुल नहीं, बल्कि मुस्लिम समुदाय से है और हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। इसके बाद महिला को अपनी पहचान छिपाए जाने का पता चला।

शादी का वादा, फिर बनाए संबंध

शिकायत के अनुसार आरोपी लगातार शादी का भरोसा देता रहा। महिला का आरोप है कि 15 जून को सऊदी अरब से भारत आने के बाद आरोपी उसके घर आने-जाने लगा। इस दौरान उसने शादी का भरोसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए।महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे कुछ खाने-पीने की चीज देने के बाद उसके आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बना लिए। अब उन्हीं वीडियो और तस्वीरों के आधार पर उसे ब्लैकमेल किया जा रहा है।

धर्म बदलने और बच्चों को छोड़ने का दबाव

पीड़िता के अनुसार जब वह आरोपी की बहन के घर शादी की बात करने पहुंची तो वहां उससे कथित रूप से कहा गया कि यदि शादी करनी है तो पहले अपने दोनों बच्चों को छोड़ना होगा और धर्म परिवर्तन करना होगा।महिला का आरोप है कि इनकार करने पर आरोपी ने उसके आपत्तिजनक वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। साथ ही उसे आशंका है कि आरोपी दोबारा विदेश जाने की तैयारी में है, जिससे कार्रवाई प्रभावित हो सकती है।

पुलिस से कार्रवाई की मांग

महिला ने कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही आरोपी को विदेश जाने से रोकने और उसकी गिरफ्तारी की भी गुहार लगाई है।

पुलिस बोली- हर पहलू की होगी निष्पक्ष जांच

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पैसों के लेन-देन का पहलू भी सामने आया है। सभी आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story