Hapur News: हापुड़ में घर में घुसकर छेड़छाड़, विरोध पर मां-बेटी पर लाठी-डंडों से हमला

Hapur News: हापुड़ में युवती से घर में घुसकर छेड़छाड़ का आरोप, विरोध पर मां-बेटी पर लाठी-डंडों से हमला, पुलिस ने चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया।

Avnish Pal
Published on: 4 July 2026 1:15 PM IST
Hapur News: हापुड़ में घर में घुसकर छेड़छाड़, विरोध पर मां-बेटी पर लाठी-डंडों से हमला
X

Hapur Assault Case

Hapur News :-नगर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती के साथ कथित छेड़छाड़ और उसके विरोध पर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पहले उसके साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ की गई और जब उसने इसकी शिकायत की तो आरोपी पक्ष के लोगों ने घर पहुंचकर समझौते का दबाव बनाया। विरोध करने पर युवती और उसकी मां के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घर में अकेली थी युवती, परिचित युवक पर छेड़छाड़ का आरोप

नगर कोतवाली क्षेत्र के मोदीनगर रोड स्थित एक मोहल्ला निवासी युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक जुलाई को वह अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान पहले से परिचित राघव नामक युवक उसके घर पहुंचा। आरोप है कि राघव ने घर के भीतर उसके साथ छेड़छाड़ की और आपत्तिजनक हरकतें कीं। युवती ने किसी तरह उसका विरोध किया और बाद में घटना की जानकारी परिजनों को दी।पीड़िता का कहना है कि उसने घटना की शिकायत फोन के माध्यम से राघव के भाई बोबी से की थी। लेकिन शिकायत सुनने के बजाय बोबी ने फोन पर उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गाली-गलौज करते हुए उसे धमकाया।

देर रात घर पहुंचकर बनाया समझौते का दबाव

पीड़िता के अनुसार, दो जुलाई की रात करीब साढ़े 11 बजे बोबी अपनी मां गुड्डी, बहन अलका और भाई राघव के साथ उसके घर पहुंचा। आरोप है कि सभी लोगों ने मिलकर पहले मामले को दबाने और समझौता करने का दबाव बनाया। जब युवती और उसकी मां ने समझौते से इनकार कर दिया तो आरोपी आक्रामक हो गए।युवती का आरोप है कि आरोपियों ने घर के भीतर ही उसके और उसकी मां के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। हमले में मां-बेटी को चोटें आईं। बचाव का प्रयास करने पर उन्हें धक्का देकर गिरा दिया गया। घटना के दौरान घर में चीख-पुकार मच गई, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे।

लोगों को आता देख फरार हुए आरोपी

स्थानीय लोगों के एकत्र होने की सूचना मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने मां-बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

मामले में पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर राघव, बोबी, अलका और गुड्डी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

क्या बोलीं सीओ अनीता चौहान

क्षेत्राधिकारी नगर अनीता चौहान ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में प्राप्त साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story