Hapur Crime News: हापुड़ में महिला से छेड़छाड़ व फावड़े से हमला, ननद-ननदोई पर भी आरोप

Hapur Crime News : हापुड़ में महिला से घर में घुसकर छेड़छाड़ और फावड़े से हमले का आरोप, ननद-ननदोई पर भी आरोपी का साथ देने की शिकायत।

Avnish Pal
Published on: 9 May 2026 11:56 AM IST
Hapur Crime News: हापुड़ में महिला से छेड़छाड़ व फावड़े से हमला, ननद-ननदोई पर भी आरोप
X

Hapur Crime News

Hapur News: हापुड़ के कोतवाली क्षेत्र में एक महिला के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ और जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने मोहल्ले के एक युवक पर अश्लील हरकतें करने, जबरन पकड़ने, मारपीट करने और फावड़े से हमला करने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं, महिला ने अपनी ननद और ननदोई पर भी आरोपी का साथ देने और घटना के दौरान तमाशबीन बने रहने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है।

पति के बाहर रहने का उठाया फायदा

पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार उसका पति पेशे से चालक है और काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता है। पति के बाहर रहने के दौरान वह अपनी ननद के घर पर रहती थी। इसी दौरान ननदोई के परिचित मोती कॉलोनी निवासी इमरान खजूरी का घर में आना-जाना शुरू हुआ।

महिला का आरोप है कि इमरान काफी समय से उस पर गलत नजर रखता था। वह कई बार अश्लील हरकतें कर चुका था और विरोध करने पर उसे बदनाम करने व जान से मारने की धमकी देता था।महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी मोहल्ले में सट्टे का काम करता है और अक्सर घर आकर उसे परेशान करता था।

शराब के नशे में घर पहुंचा आरोपी

रिपोर्ट के मुताबिक, एक मई की रात करीब साढ़े नौ बजे आरोपी इमरान ननदोई से मिलने के बहाने घर पहुंचा। आरोप है कि उस समय वह शराब के नशे में था। घर में घुसते ही उसने महिला को पीछे से पकड़ लिया और जबरदस्ती करने का प्रयास किया।महिला ने साहस दिखाते हुए विरोध किया और किसी तरह खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। पीड़िता का कहना है कि घटना के दौरान उसकी ननद और ननदोई वहां मौजूद थे, लेकिन उन्होंने उसे बचाने के बजाय आरोपी का साथ दिया और चुपचाप तमाशा देखते रहे।

शोर सुनकर पहुंचीं मां और बहन

महिला ने शोर मचाकर अपनी मां और बहन को मौके पर बुलाया। आरोप है कि दोनों के पहुंचते ही आरोपी इमरान आगबबूला हो गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसने पास में रखा फावड़ा उठाकर महिला पर हमला करने की कोशिश की। हालांकि, पीड़िता की मां और बहन ने बीच-बचाव कर किसी तरह महिला को बचाया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई और इलाके में भी हड़कंप की स्थिति बन गई।

पुलिस पहुंचने से पहले आरोपी फरार

पीड़िता की बहन ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी इमरान, पीड़िता की ननद और ननदोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।

एसपी बोले- जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई

वहीं इस बाबत जानकारी देते हुए एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story