TRENDING TAGS :
Hapur News: नौकरी के बहाने महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेल का मामला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
Hapur News: हापुड़ में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक विवाहित महिला के साथ दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल और धमकी देने का मामला सामने आया है।
Hapur News
Hapur News: नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक विवाहित महिला को अपने जाल में फंसाने, उसके साथ दुष्कर्म करने, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में थाना हापुड़ नगर पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी करीब चार महीने से पुलिस की गिरफ्त से दूर था। पुलिस अब मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार उसकी पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शामली निवासी उमेश कुमार से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी आर्थिक परेशानी बताई तो आरोपी ने उसे किसी फैक्ट्री में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला को अपने जाल में फंसा लिया।
नौकरी के बहाने कार में बैठाकर शामली ले गया
पीड़िता का आरोप है कि 22 दिसंबर 2025 को उमेश अपने दो साथियों कमल और संजय के साथ हापुड़ के जसरूपनगर पहुंचा। तीनों उसे नौकरी लगवाने का झांसा देकर कार में बैठाकर जनपद शामली ले गए। वहां एक कमरे में बंद कर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर उसके बच्चों की हत्या करने और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई।महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसकी नग्न तस्वीरें और वीडियो बना लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लगातार शोषण किया। बाद में उसे हरियाणा के पानीपत स्थित एक मकान में ले जाया गया, जहां कई दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया जाता रहा।आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने महिला से जबरन कोरे कागजों पर हस्ताक्षर भी कराए और उसके सोने के कुंडल, अंगूठी तथा पाजेब भी छीन लिए।
गर्भवती हुई पीड़िता, बिगड़ी तबीयत
पीड़िता के अनुसार लगातार शोषण के कारण वह गर्भवती हो गई। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर वह अपने मायके पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। बाद में उसकी तबीयत बिगड़ गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने पर उसे गढ़ रोड स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार हुआ।
कई शिकायतों के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
महिला ने आरोप लगाया कि उसने फरवरी 2026 में भी पुलिस अधिकारियों को शिकायत दी थी, लेकिन तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। बाद में उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप और जांच के बाद थाना हापुड़ नगर में मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस के अनुसार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को आरोपी उमेश कुमार पुत्र जबर सिंह निवासी ग्राम जगदीशपुर, थाना थानाभवन, जनपद शामली को फ्रीगंज रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
क्या बोले कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान
नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि महिला द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। मामले की विवेचना जारी है और अन्य नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


