TRENDING TAGS :
Hapur News: घुसकर मारपीट का आरोप, बेटियों से छेड़छाड़ की शिकायत; डर के चलते स्कूल जाना हुआ बंद
Hapur News: हापुड़ में घर में घुसकर मारपीट और बेटियों से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। डर के कारण बेटियों ने स्कूल जाना बंद कर दिया।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में बिजली संकट को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय गंभीर हो गया, जब एक महिला पर पड़ोसियों को बुलाकर घर में घुसकर मारपीट कराने का आरोप लगा। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसके और परिजनों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। इतना ही नहीं, बाद में उसकी पुत्रियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने और रास्ते में छेड़खानी करने की शिकायत भी पुलिस से की गई है। पीड़िता का कहना है कि लगातार परेशान किए जाने के कारण उसकी बेटियों ने डर की वजह से स्कूल जाना तक बंद कर दिया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो दिन से बिजली गुल थी, जनरेटर मंगाने पर शुरू हुआ विवाद
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पड़ोस में रहने वाली सुधा आए दिन छोटी-छोटी बातों को लेकर उसके और उसके परिवार के साथ विवाद करती रहती है। पीड़िता के मुताबिक 15 अगस्त को उसके घर में करीब दो दिन से बिजली नहीं आ रही थी। इससे दैनिक कार्यों के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी। परेशानी को देखते हुए उसने किराये पर जनरेटर मंगवा लिया। आरोप है कि जनरेटर मंगाने की बात को लेकर पड़ोसी महिला सुधा ने पीड़िता से विवाद शुरू कर दिया। मामला बढ़ने पर आरोपित महिला ने मोहल्ले के ही परविन्द्र, अमित, सोनू, प्रदीप और अमित को मौके पर बुला लिया।
घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि आरोपित लोग उसके घर में घुस आए और उसके तथा परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान घर में मौजूद उसके दामाद मनीष के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। हालांकि, उस समय मोहल्ले के गणमान्य लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर आपसी समझौता करा दिया था। पीड़िता का आरोप है कि समझौते के बाद भी आरोपियों का व्यवहार नहीं बदला और उन्होंने कथित रूप से उसे तथा उसकी बेटियों को परेशान करना जारी रखा।
बेटियों से छेड़खानी और अभद्रता का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसकी पुत्रियों के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं और अश्लील गालियां देते हैं। आरोप है कि बेटियों के घर से बाहर आने-जाने के दौरान उनके साथ छेड़खानी भी की जाती है। लगातार हो रही कथित हरकतों से परिवार में भय का माहौल है।पीड़िता का कहना है कि उसकी बेटियां इस कदर डर गई हैं कि उन्होंने स्कूल जाना तक बंद कर दिया है। परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पीड़िता ने आरोपियों को आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


