TRENDING TAGS :
Hapur News: अवैध खनन से भरी ट्रैक्टर-ट्राली ने दो भाइयों को कुचला, एक की मौत, दूसरा गंभीर
Hapur News: हापुड़ में अवैध खनन से भरी ट्रैक्टर-ट्राली ने दो भाइयों को रौंदा। इलाज के दौरान छोटे भाई की मौत, बड़ा भाई गंभीर।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: हापुड़ जनपद में अवैध खनन एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के बछलौता रोड पर सोमवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे मिट्टी से भरी अवैध खनन में लगी ट्रैक्टर-ट्राली ने पैदल घर लौट रहे दो सगे भाइयों को पीछे से रौंद दिया। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान छोटे भाई की मेरठ के अस्पताल में मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
ड्यूटी से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, बाबूगढ़ छावनी निवासी राजकुमार (35) और उसका बड़ा भाई राजू (45) पिलखुवा स्थित एक निजी कोरियर कंपनी में कार्यरत थे। सोमवार सुबह दोनों भाई ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइपास होते हुए बछलौता रोड से पैदल अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे बाबूगढ़ कट के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली ने उन्हें कुचल दिया।
चालक ट्रैक्टर-ट्राली लेकर फरार
हादसा इतना भीषण था कि दोनों भाई सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने दोनों को मेरठ रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान राजकुमार ने दम तोड़ दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
राजकुमार की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक की मां रेशमी पहले ही पति हरकिशन को खो चुकी हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही वह बदहवास हो गईं। मृतक की पत्नी उर्मिला और छह वर्षीय बेटा देवांश का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गंभीर रूप से घायल राजू की पत्नी मंजू और बच्चे प्रिंस व प्राची उसकी सलामती के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
अवैध खनन पर फिर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे ने क्षेत्र में खुलेआम चल रहे अवैध खनन पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बछलौता रोड और आसपास के इलाकों में रात-दिन मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियां दौड़ती रहती हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे हुए हैं।
पुलिस ने शुरू की चालक की तलाश
मौत की सूचना मिलने पर बाबूगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार को कार्रवाई का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि फरार ट्रैक्टर-ट्राली चालक की तलाश की जा रही है। पीड़ित पक्ष की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


