TRENDING TAGS :
Hapur News: जखेड़ा मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत, रिपोर्ट दर्ज हुई
Hapur News: हापुड़ के जखेड़ा मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: जिले के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में सदरपुर-जखेड़ा मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अंडरपास के पास हुए इस हादसे में एक दंपती की जान चली गई थी। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हादसे के बाद से ही चालक के ट्रैक्टर छोड़कर फरार होने की बात सामने आई थी।
बाइक में आई खराबी, सड़क किनारे खड़े होकर जांच कर रहे थे दंपती
गांव जखेड़ा रहमतपुर निवासी रामवीर के अनुसार, उनका बेटा जितेंद्र अपनी पत्नी शशि के साथ नौ अक्टूबर को बाइक से घर लौट रहा था। शाम करीब साढ़े चार बजे जब वे सदरपुर-जखेड़ा मार्ग पर अंडरपास के पास पहुंचे, तो बाइक की चेन और पहिये से आवाज आने लगी। इसके बाद जितेंद्र ने बाइक को कच्चे रास्ते पर खड़ा कर दिया और खराबी की जांच करने लगा। उसकी पत्नी शशि भी बाइक के पास ही खड़ी थी।आरोप है कि इसी दौरान बिना नंबर प्लेट का लाल रंग का महिंद्रा ट्रैक्टर तेज गति और लापरवाही से वहां पहुंचा और बाइक के पास खड़े जितेंद्र और शशि को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि दोनों पति-पत्नी घायल होकर गिर पड़े। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गढ़ से मेरठ मेडिकल कॉलेज किया गया था रेफर
हादसे के बाद घायल दंपती को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़मुक्तेश्वर ले जाया गया। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने जितेंद्र और शशि को मृत घोषित कर दिया। एक ही हादसे में पति-पत्नी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
ट्रैक्टर छोड़कर फरार हुआ चालक
मृतक के पिता रामवीर ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके बेटे और बहू को टक्कर मारी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर फरार हो गया था। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अब मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
17 अक्टूबर को मिली तहरीर, पुलिस ने शुरू की जांच
सीओ राहुल यादव ने बताया कि दंपती की मौत के मामले में 17 अक्टूबर को तहरीर प्राप्त हुई थी। इसके आधार पर तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू करा दी गई है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


