TRENDING TAGS :
Hapur News: समाजवाद के पुरोधा ‘छोटे लोहिया’ जनेश्वर मिश्र की जयंती पर हापुड़ में श्रद्धांजलि कार्यक्रम, विचारधारा को आगे बढ़ाने का लिया गया संकल्प
Hapur News: ‘छोटे लोहिया’ के नाम से विख्यात जनेश्वर मिश्र जी की 93 वीं जयंती पर समाजवादी पार्टी हापुड़ के जिला कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
Hapur News
Hapur News :-समाजवादी विचारधारा के प्रबल पोषक, प्रखर वक्ता और ‘छोटे लोहिया’ के नाम से विख्यात जनेश्वर मिश्र जी की 93 वीं जयंती पर समाजवादी पार्टी हापुड़ के जिला कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले भर के समाजवादी कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर जनेश्वर मिश्र जी के चित्र पर माल्यार्पण किया और उन्हें नमन करते हुए उनके बताए गए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
जिलाध्यक्ष नें की कार्यक्रम की अध्यक्षता
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष आनंद गुर्जर ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्र जी ने समाज में व्याप्त भेदभाव, छुआछूत, ऊँच-नीच जैसी कुरीतियों को जड़ से समाप्त करने के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका संपूर्ण जीवन सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने भारतीय राजनीति को एक नई दिशा दी और हिंदी भाषा के लिए भी वह एक दृढ़ सेनानी के रूप में जाने जाते हैं।
समाजवाद की चलती-फिरती पाठशाला थे जनेश्वर मिश्र
आनंद गुर्जर ने कहा कि जनेश्वर मिश्र को समाजवाद की चलती-फिरती पाठशाला कहा जाता था। वे डॉ. राममनोहर लोहिया के सच्चे अनुयायी थे और उन्होंने अपने घर पर "लोहिया के लोग" का बोर्ड लगवाया हुआ था। उनका निवास स्थान आज भी समाजवादियों के लिए आस्था का केंद्र है। वे देश के उन गिने-चुने नेताओं में थे, जिन्होंने विचारधारा से समझौता नहीं किया और अपनी पूरी जिंदगी संघर्षों में बिताई।
हिंदी के लिए जेल गए, समाजवाद के लिए जिए
अपने विचार रखते हुए जिला अध्यक्ष ने बताया कि हिंदी भाषा को सम्मान दिलाने के लिए एक जनसभा में दिए गए जोशीले भाषण के कारण उन्हें जेल जाना पड़ा। जेल में रहकर भी उन्होंने समाजवादी विचारधारा के लिए आंदोलन जारी रखा। उनका जीवन प्रेरणा का प्रतीक है।
अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी विचारधारा को मिल रही गति
जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने कहा कि आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के कुशल नेतृत्व में पार्टी जनेश्वर मिश्र जी की विचारधारा को मजबूती से आगे बढ़ा रही है। पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्गों के हक और अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ी जा रही है। समाजवादी पार्टी तेजी से जनमानस के बीच लोकप्रिय हो रही है और देश में तीसरे विकल्प के रूप में उभर रही है।
जनेश्वर मिश्र जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जनेश्वर मिश्र जी के पदचिन्हों पर चलकर जनहित, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शामिल रहे
इकबाल कुरेशी, राजेश यादव, आदेश गोस्वामी, अख्तर मलिक, इकरामुद्दीन, पुरुषोत्तम वर्मा, प्रीति रानी सहित कई वरिष्ठ समाजवादी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


