Hapur News: हापुड़ में कांवड़ अवकाश के बीच खुला मिला स्कूल, प्रशासन ने कराया बंद

Hapur News: कांवड़ यात्रा के दौरान घोषित अवकाश के बावजूद निजी विद्यालय संचालित मिलने पर तहसीलदार पवन यादव ने पुलिस के साथ पहुंचकर स्कूल बंद कराया और रिपोर्ट डीआईओएस को भेजी।

Avnish Pal
Published on: 7 Aug 2026 7:59 PM IST
School opened between Kanwar holidays in Hapur, administration closes
X

 हापुड़ में कांवड़ अवकाश के बीच खुला मिला स्कूल, प्रशासन ने कराया बंद (Photo- Newstrack)

Hapur News: कांवड़ यात्रा को लेकर जिले में लागू प्रशासनिक आदेशों का उल्लंघन करने वाले एक निजी विद्यालय पर तहसील प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। बहादुरगढ़ क्षेत्र में जिला प्रशासन द्वारा घोषित अवकाश के बावजूद एक निजी स्कूल खुला मिलने की सूचना पर तहसीलदार पवन यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और विद्यालय को तत्काल बंद करा दिया। इतना ही नहीं, पूरे मामले की रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को भेजते हुए आगे की कार्रवाई की संस्तुति भी कर दी गई है। इस कार्रवाई के बाद जिले के निजी विद्यालय संचालकों में हड़कंप मच गया है।

कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने 7 अगस्त से 12 अगस्त तक सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। इसके बावजूद बहादुरगढ़ क्षेत्र स्थित शांति निकेतन शिक्षण संस्था में पढ़ाई जारी रहने की सूचना प्रशासन तक पहुंची।सूचना मिलते ही तहसीलदार पवन यादव पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे। निरीक्षण के दौरान विद्यालय संचालित मिला, जिस पर उन्होंने तत्काल कक्षाएं बंद कराईं और विद्यालय प्रबंधन से जवाब तलब किया। प्रशासन ने पूरे मामले की रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक को भेज दी है, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।

तहसीलदार बोले- आदेशों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं

तहसीलदार पवन यादव ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन का पूरा फोकस श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था पर है। इसी उद्देश्य से स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। ऐसे में किसी भी विद्यालय द्वारा आदेशों की अनदेखी करना गंभीर मामला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि कोई विद्यालय अवकाश के बावजूद संचालित मिला तो उसके खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

जिलेभर में चल रहा है निरीक्षण अभियान

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार जिलेभर में राजस्व, शिक्षा और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। सभी निजी और सरकारी विद्यालयों को शासन के निर्देशों का पालन करने के आदेश दिए गए हैं। जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

हापुड़ जनपद से हर दिन बड़ी संख्या में कांवड़िए गुजर रहे हैं। इसे देखते हुए संवेदनशील मार्गों पर पुलिस बल, यातायात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या आदेशों की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाएगा।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story