Hapur News: पीएम मोदी, सीएम योगी और डिप्टी सीएम की तस्वीरों पर पोती सफेदी, वायरल वीडियो से मचा बवाल

Hapur News: हापुड़ के किठौर रोड पर लगे होर्डिंग पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम की तस्वीरों पर सफेदी मिलने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Avnish Pal
Published on: 10 July 2026 4:25 PM IST
White Paint on photos of PM Modi, CM Yogi and Deputy CM
X

पीएम मोदी, सीएम योगी और डिप्टी सीएम की तस्वीरों पर पोती सफेदी, वायरल वीडियो से मचा बवाल (Photo- Newstrack)

Hapur News: जनप्रतिनिधियों और देश-प्रदेश के शीर्ष नेताओं की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद हापुड़ में हड़कंप मच गया है। शहर के किठौर रोड क्षेत्र में लगे एक होल्डिंग पोल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम की तस्वीरों पर अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा सफेदी पोतने का मामला प्रकाश में आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।वायरल वीडियो ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर इतनी व्यस्त सड़क पर लगे होर्डिंग तक पहुंचकर तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ किसने की? क्या यह केवल शरारत है या फिर माहौल खराब करने की कोशिश? इन सवालों को लेकर शहर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

रात के अंधेरे में वार, सुबह खुली पोल

स्थानीय लोगों के अनुसार घटना देर रात की बताई जा रही है। सुबह जब राहगीरों और क्षेत्रीय लोगों की नजर होल्डिंग पोल पर पड़ी तो नेताओं की तस्वीरों पर सफेदी लगी हुई दिखाई दी। इसके बाद किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक और सामाजिक संगठनों में भी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर लगी तस्वीरों के साथ इस प्रकार की हरकत करने वालों का उद्देश्य केवल शरारत नहीं बल्कि विवाद पैदा करना भी हो सकता है।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान बता रहे हैं तो कुछ इसे कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना मान रहे हैं। कई यूजर्स ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।घटना के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस हरकत को अंजाम देने वाले लोग कौन हैं और उन्होंने ऐसा क्यों किया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और स्थानीय लोगों से पूछताछ करने की तैयारी में जुटी है।

क्या बोले थाना हापुड़ देहात प्रभारी

थाना हापुड़ देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। मामले की जांच कराई जा रही है। संबंधित स्थान की पुष्टि की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story