Hapur: हापुड़ पुलिस में बड़ा फेरबदल: नगर कोतवाली समेत 6 थानों के प्रभारी बदले, राकेश शर्मा को कमान

Hapur News: एसपी मधुवन कुमार सिंह ने कई निरीक्षकों की जिम्मेदारियों में किया बदलाव, पिलखुवा, गढ़मुक्तेश्वर, धौलाना, बाबूगढ़ और सिंभावली में नई तैनाती

Avnish Pal
Published on: 28 Nov 2026 11:19 PM IST
Hapur: हापुड़ पुलिस में बड़ा फेरबदल: नगर कोतवाली समेत 6 थानों के प्रभारी बदले, राकेश शर्मा को कमान
X

Hapur News :-जिले की कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस महकमे में शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। पुलिस अधीक्षक मधुवन कुमार सिंह ने कई निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों की तैनाती बदलते हुए थानों की कमान नए अधिकारियों को सौंप दी। सबसे अहम बदलाव हापुड़ नगर कोतवाली में हुआ है। बागपत से स्थानांतरित होकर आए राकेश कुमार शर्मा को नगर कोतवाली का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। इस बदलाव के साथ ही जिले के कई प्रमुख थानों में नए प्रभारी तैनात कर दिए गए हैं।

पुलिस लाइन से थानों तक पहुंची नई जिम्मेदारी

एसपी के आदेश के अनुसार पुलिस लाइन में तैनात धर्मेंद्र कुमार राठौर को पिलखुवा कोतवाली का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। स्वाट टीम की कमान संभाल रहे सुनील कुमार सिंह को गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली भेजा गया है। वहीं, पुलिस लाइन में तैनात नरेंद्र सिंह को धौलाना थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।स्वाट टीम में भी बदलाव करते हुए मोहम्मद असलम को नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा पुलिस लाइन में तैनात सलाउद्दीन को साइबर अपराध थाने का प्रभारी बनाया गया है।

बाबूगढ़ और सिंभावली में भी बदली जिम्मेदारी

थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीन कुमार का बहादुरगढ़ थाना स्थानांतरण निरस्त कर उन्हें सिंभावली थाने में तैनात किया गया है। वहीं, धौलाना के थानाध्यक्ष अवनीश शर्मा को बाबूगढ़ थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सिंभावली थाने में अतिरिक्त निरीक्षक के पद पर तैनात कामेश कुमार सिंह को धौलाना थाने में अतिरिक्त निरीक्षक बनाया गया है।

नई तैनाती से पुलिसिंग में बदलाव की उम्मीद

इस फेरबदल के बाद जिले के कई महत्वपूर्ण थानों में नए अधिकारियों के हाथों में कमान होगी। नगर क्षेत्र से लेकर ग्रामीण इलाकों तक कानून व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी अब नई टीम पर रहेगी। अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई नए थाना प्रभारियों की प्राथमिकता होगी। एसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को नई तैनाती पर तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story