TRENDING TAGS :
Hapur News: मुर्गियों से शुरू हुई तकरार, लोहे की पाइप से युवक का सिर फोड़ा, गांव में तनाव
Hapur News: हापुड़ के मलकपुर गांव में मुर्गियों को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक युवक के घायल होने और महिलाओं से मारपीट के आरोप के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मुर्गियों से शुरू हुई तकरार, लोहे की पाइप से युवक का सिर फोड़ा, गांव में तनाव (Photo- Newstrack)
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के मलकपुर गांव में एक मामूली विवाद अचानक हिंसा की आग में तब्दील हो गया। बच्चों को परेशान कर रही मुर्गियों को लेकर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में बेकाबू हुए युवक ने लोहे की पाइप से हमला कर पड़ोसी का सिर फोड़ दिया। इतना ही नहीं, विवाद के दौरान महिलाओं के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
"मुर्गियां हटाओ" कहने पर भड़क गया विवाद
थाना हापुड़ देहात में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार मलकपुर निवासी लोकेश कुमार ने बताया कि 10 जुलाई की रात करीब 7:45 बजे पड़ोसी आशीष की मुर्गियां उसके छोटे बच्चों को परेशान कर रही थीं। जब उसके पिता रोकश कुमार ने इस बात को लेकर आशीष को समझाने का प्रयास किया तो बात बिगड़ गई।ग्रामीणों के अनुसार पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते माहौल गर्म हो गया और विवाद ने उग्र रूप ले लिया।
पिता को बचाने पहुंचा बेटा, सिर पर बरस गई लोहे की पाइप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आशीष ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान जब लोकेश अपने पिता को बचाने के लिए आगे आया तो आरोपी ने लोहे की पाइप उठाकर उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।हमले में लोकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर से खून बहने लगा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े।
महिलाओं को भी नहीं बख्शा, पत्नी से मारपीट का आरोप
एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि झगड़े के दौरान आरोपी की मां और बहन भी मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने लोकेश की पत्नी के साथ मारपीट की और परिवार को धमकियां दीं। घटना के बाद आरोपी पक्ष मौके से चला गया।
क्या बोले थाना प्रभारी पारस मलिक?
थाना हापुड़ देहात प्रभारी निरीक्षक पारस मलिक ने बताया कि, "मारपीट की घटना के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी।"


