TRENDING TAGS :
Hapur News: स्वतंत्रता दिवस पर मेरठ रेंज में हाई अलर्ट, 4 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा
Hapur News: स्वतंत्रता दिवस पर मेरठ रेंज में हाई अलर्ट, 4 हजार पुलिसकर्मी तैनात; 24 जोन और 81 सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था
Hapur News :-स्वतंत्रता दिवस को लेकर मेरठ रेंज में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह अलर्ट मोड पर कर दिया गया है। 15 अगस्त को होने वाली तिरंगा यात्राओं, प्रभात फेरियों, शोभायात्राओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखते हुए करीब चार हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे रेंज को 24 जोन और 81 सेक्टर में बांटते हुए 62 क्यूआरटी गठित की गई हैं।मेरठ रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक कलानिधि नैथानी के निर्देश पर सुरक्षा को लेकर पांच विशेष चेकिंग अभियान भी शुरू कर दिए गए हैं। इनमें ऑपरेशन शील, ऑपरेशन कवच, ऑपरेशन पहचान, ऑपरेशन बाजार और ऑपरेशन स्वीप शामिल हैं। पुलिस संदिग्ध वाहनों, व्यक्तियों और वस्तुओं की चेकिंग के साथ-साथ होटल, धर्मशाला, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी निगरानी बढ़ाएगी।
75 तिरंगा यात्राएं, हापुड़ में 22 प्रस्तावित
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मेरठ रेंज में कुल 75 तिरंगा यात्राएं प्रस्तावित हैं। इनमें मेरठ में 29, बुलंदशहर में 23, बागपत में एक और हापुड़ में 22 तिरंगा यात्राएं निकाली जानी हैं। इसके अलावा 22 प्रभात फेरियां, 32 शोभायात्राएं और 30 अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।हापुड़ में 12 सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। आयोजनों को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर पहले से तैयारियां शुरू कर दी हैं।
302 स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट
रेंज में जनपदीय चेकिंग योजना के तहत 302 स्थानों को चिन्हित किया गया है। मेरठ में 134, बुलंदशहर में 90, बागपत में 47 और हापुड़ में 31 चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। यहां संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच के साथ यातायात नियमों का भी पालन कराया जाएगा।सुरक्षा व्यवस्था के लिए मेरठ में नौ जोन, 31 सेक्टर और 31 क्यूआरटी, बुलंदशहर में सात जोन, 27 सेक्टर और सात क्यूआरटी, बागपत में पांच जोन, 13 सेक्टर और 13 क्यूआरटी तथा हापुड़ में तीन जोन, 10 सेक्टर और 11 क्यूआरटी तैनात की गई हैं।
पांच ऑपरेशन से कसा सुरक्षा का शिकंजा
ऑपरेशन शील के तहत अंतरराज्यीय, अंतरजनपदीय और थाना सीमाओं पर बैरियर लगाकर वाहनों व संदिग्ध लोगों की जांच की जाएगी।ऑपरेशन कवच में स्कूल-कॉलेज, बैंक, एटीएम, वित्तीय संस्थानों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व चेकिंग पर जोर रहेगा। ऑपरेशन पहचान के तहत दोपहिया-चारपहिया वाहनों, तीन सवारी, काली फिल्म, हेलमेट, हूटर और संवेदनशील चौराहों पर विशेष चेकिंग की जाएगी।
ऑपरेशन बाजार के तहत बाजार, मॉल, मेले और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध वाहन, वस्तु और व्यक्तियों की जांच होगी।वहीं ऑपरेशन स्वीप में होटल, धर्मशाला, सराय, ढाबे, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भौतिक चेकिंग के साथ सीसीटीवी के जरिए भी निगरानी की जाएगी।
कार्यक्रम स्थलों पर एंटी-सबोटाज चेकिंग
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वतंत्रता दिवस के सभी प्रमुख कार्यक्रमों से पहले एंटी-सबोटाज चेकिंग कराई जाए। कार्यक्रम स्थलों के प्रवेश और निकास द्वारों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था, रूफटॉप ड्यूटी और प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया है।रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, मॉल, सिनेमाहॉल, होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस, भीड़भाड़ वाले स्थानों और धार्मिक स्थलों पर भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
सीमाओं पर भी रहेगी कड़ी निगरानी
रेंज के सभी जनपदों के प्रवेश द्वारों पर लगातार चेकिंग कराई जाएगी। स्थायी चेकपोस्ट के साथ आवश्यकता के अनुसार अस्थायी चेकपोस्ट भी बनाए जाएंगे।अवैध हथियार, कारतूस, शराब और विस्फोटक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए संदिग्ध वाहनों की आकस्मिक जांच की जाएगी।
पुलिस को किरायेदार सत्यापन अभियान चलाने, संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस, प्रशासन और अन्य विभागों में समन्वय
सुरक्षा तैयारियों को लेकर रेंज के विभिन्न जिलों में पीस कमेटी, धर्मगुरुओं, शांति समितियों, आयोजकों और संभ्रांत लोगों के साथ 124 बैठकें की जा चुकी हैं। बिजली विभाग के साथ 114 और नगर निगम, स्वास्थ्य, पीडब्ल्यूडी, रेलवे समेत अन्य विभागों के साथ भी 114 बैठकें आयोजित की गई हैं।
फ्लैग मार्च और फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश
डीआईजी ने अधिकारियों और पुलिस बल को ब्रीफ कर उच्च सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। स्वतंत्रता दिवस तक नियमित चेकिंग, प्रभावी फुट पेट्रोलिंग और पर्याप्त पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च कराने को कहा गया है।डीआईजी कलानिधि नैथानी ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के आयोजनों में उत्साहपूर्वक भाग लेने और “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील की है। पुलिस का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है।



