TRENDING TAGS :
Hapur News: दिनदहाड़े कार पर फायरिंग, तीन गोलियों से कार के शीशे टूटे
Hapur News: मेरठ रोड की आवास विकास कॉलोनी में हमलावरों ने संदीप शर्मा की कार को निशाना बनाया। परिवार खाना खा रहा था, पुलिस सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्य खंगाल रही है।
दिनदहाड़े कार पर फायरिंग, तीन गोलियों से कार के शीशे टूटे (Photo- Newstrack)
Hapur News: जनपद हापुड़ में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब दिनदहाड़े रिहायशी इलाकों में भी गोलीबारी करने से हमलावरों को कोई खौफ नहीं रह गया है। कोतवाली नगर क्षेत्र के मेरठ रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी में बृहस्पतिवार दोपहर कार सवार बेखौफ हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में हड़कंप मच गया। हमलावरों की ओर से चलाई गई तीन गोलियां कार में लगीं, जिससे उसकी दो खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि जिस वक्त फायरिंग हुई, उस समय परिवार घर के अंदर खाना खा रहा था। ऐसे में एक बड़ा हादसा टल गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े रिहायशी इलाके में हुई इस घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिवार घर में खा रहा था खाना, अचानक गोलियों की आवाज से दहला इलाका
जानकारी के मुताबिक, मेरठ रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी निवासी संदीप शर्मा की कार उनके घर के बाहर खड़ी हुई थी। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 2:15 बजे संदीप शर्मा अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर के अंदर बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान अचानक बाहर से ताबड़तोड़ गोलियां चलने की आवाज सुनाई देने लगी। गोलियों की आवाज सुनकर परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत घर से बाहर निकलकर देखा तो कार के शीशे टूटे पड़े थे।कार की दो खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त थे। वहीं, आसपास तीन खोखे पड़े मिले। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने जानबूझकर कार को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की। वारदात के बाद आरोपी बिना किसी खौफ के मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
तीन गोलियां कार में लगीं, बाल-बाल बचा परिवार
फायरिंग के दौरान कार में तीन गोलियां लगने की जानकारी सामने आई है। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, जिसके चलते किसी को गोली नहीं लगी। हालांकि, जिस अंदाज में हमलावरों ने दिनदहाड़े फायरिंग की, उससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। लोगों के बीच इस बात को लेकर चर्चा रही कि आखिर हमलावरों ने किस मकसद से कार को निशाना बनाया और वारदात के पीछे कौन लोग शामिल हैं।
सीओ सिटी और कोतवाली प्रभारी पहुंचे, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण करते हुए पीड़ित संदीप शर्मा से घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मौके से मिले खोखों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की पहचान करने में जुटी पुलिस
पुलिस अब वारदात के पीछे की वजह तलाशने में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों के आने-जाने का रास्ता और उनकी पहचान की जा सके। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि फायरिंग की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।


