TRENDING TAGS :
Hapur News: मोदीनगर-रोड पर रफ्तार का कहर: बाइक सवार बुजुर्ग को ट्रक ने कुचला, मेरठ में तोड़ा दम
Hapur News: हापुड़ के मोदीनगर रोड पर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। मेरठ में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: मोदीनगर-हापुड़ रोड पर तेज रफ्तार ट्रक का कहर एक बुजुर्ग की जिंदगी लील गया। बाइक से हापुड़ की ओर आ रहे 54 वर्षीय बुजुर्ग को पीछे से आए ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि ट्रक चालक उन्हें कुचलता हुआ वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुल से 100 मीटर पहले बाइक में मारी टक्कर
मेरठ जिले के थाना परतापुर क्षेत्र के गांव दौलतपुर उर्फ फरुखाबाद कायस्थ गांवड़ी निवासी राजा शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता मदनपाल (54) 28 अक्टूबर को अपनी बाइक से हापुड़ की ओर आ रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे जब वह कोतवाली क्षेत्र में मोदीनगर-हापुड़ रोड पर बने पुल से करीब 100 मीटर पहले पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
सड़क पर गिरते ही बुजुर्ग को कुचलकर भागा चालक
ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मदनपाल बाइक समेत सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि ट्रक चालक ने वाहन रोककर घायल की मदद करने के बजाय उन्हें कुचल दिया और ट्रक लेकर हापुड़ की दिशा में फरार हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में होने के बावजूद मदनपाल ने किसी तरह अपने बेटे राजा शर्मा को फोन कर दुर्घटना की जानकारी दी।
जिला अस्पताल से मेरठ किया गया रेफर
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने भी मृतक के स्वजन को फोन कर जानकारी दी कि घायल मदनपाल को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया। परिजन उन्हें मेरठ के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राहगीरों की जानकारी से हुई ट्रक चालक की पहचान
मृतक के बेटे राजा शर्मा के अनुसार, घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों से मिली जानकारी के आधार पर हादसे में शामिल ट्रक चालक की पहचान ऋषिपाल निवासी जंगीरपुर के रूप में हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।


