Hapur News: मंदिर जा रहे मां-बेटे को रास्ते में रोककर मारपीट, मां भी घायल

Hapur News: हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र में मंदिर जा रहे मां-बेटे को रोककर विवाद के बाद मारपीट का आरोप, बेटे को बचाने पहुंची मां के पैर में चोट लगी।

Avnish Pal
Published on: 22 Aug 2026 6:55 PM IST
Mother-daughter going to temple stopped and beaten on road, mother also injured
X

मंदिर जा रहे मां-बेटे को रास्ते में रोककर मारपीट, मां भी घायल (Photo- Newstrack)

Hapur News: सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव शरीफपुर में मंदिर जा रहे मां-बेटे पर कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। बाइक सवार मां-बेटे को मंदिर के बाहर कुछ युवकों ने रोक लिया और बेटे के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बेटे को बचाने के लिए मां आगे आई तो आरोप है कि हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। महिला के पैर में चोट लगने से सूजन आ गई। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मंदिर के बाहर रोककर शुरू किया विवाद

गांव शरीफपुर निवासी महेंद्री ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 21 अगस्त की शाम वह अपने बेटे सोनू के साथ बाइक पर सवार होकर गांव स्थित मांडी मंदिर में दर्शन करने जा रही थी। आरोप है कि मंदिर के बाहर गांव के ही कुछ युवक लाठी-डंडे लेकर खड़े थे। उन्होंने बाइक रुकवा ली और सोनू के साथ गाली-गलौज करने लगे। महेंद्री के अनुसार, सोनू ने जब गाली देने का विरोध किया तो युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से सोनू को पीटा। बेटे को बचाने के लिए महेंद्री बीच में आई तो आरोपितों ने उसे भी नहीं बख्शा और उसके साथ मारपीट कर दी।

बेटे को बचाने पहुंची मां पर भी हमला

पीड़िता ने बताया कि मारपीट के दौरान एक डंडा उसके पैर में लगा, जिससे उसे चोट आई और पैर में काफी सूजन हो गई। घटना के बाद मां-बेटे ने पुलिस से शिकायत कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

महेंद्री ने आरोप लगाया कि उसके बेटे सोनू और हमलावरों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा है। पुरानी रंजिश के चलते पूर्व में भी उसके बेटे के साथ मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनकी शिकायत पुलिस से की गई थी। पीड़िता का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते दोबारा रास्ते में रोककर हमला किया गया।

तहरीर के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारण, हमले में शामिल लोगों और पूर्व विवाद से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सीओ राहुल यादव ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story