Hapur News: उद्योगपति नरेंद्र कबाड़ी के घर करोड़ों की डकैती, ‘2 करोड़ की सुपारी’ बताकर परिवार बंधक

Hapur News: उद्योगपति नरेंद्र कबाड़ी के घर बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में करोड़ों की डकैती को अंजाम दिया। आरोप है कि हमलावरों ने ‘2 करोड़ की सुपारी’ का हवाला देकर परिवार को बंधक बनाया और कीमती सामान लूट ले गए।

Avnish Pal
Published on: 2 Jun 2026 1:00 PM IST
Hapur News
X

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: शहर के सबसे पॉश इलाकों में शुमार गढ़ रोड स्थित सीएचसी के सामने रहने वाले प्रसिद्ध उद्योगपति और कारोबारी नरेंद्र कबाड़ी के घर सोमवार देर रात हुई सनसनीखेज डकैती ने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया। चार हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाया, हत्या की सुपारी लेने का दावा करते हुए दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और करीब डेढ़ किलो सोना व लाखों रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए।इस हाई-प्रोफाइल वारदात के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही मेरठ रेंज के डीआईजी से लेकर जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

देर रात घर लौटे पोते के साथ हुई वारदात की शुरुआत

जानकारी के अनुसार, उद्योगपति नरेंद्र कबाड़ी का पोता सिद्धांत सोमवार रात करीब 11 बजे अपने एक मित्र के साथ घर से बाहर गया था। रात लगभग 11:30 बजे जब वह वापस लौटा और मुख्य गेट पर पहुंचकर घंटी बजाई तो चौकीदार श्याम कुमार सेठ ने गेट खोल दिया।इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे चार बाइक सवार बदमाश अचानक सक्रिय हो गए। बदमाशों ने हथियारों के बल पर सिद्धांत और चौकीदार को अपने कब्जे में ले लिया। तीन बदमाशों ने चेहरे पर नकाब पहन रखी थी, जबकि एक का चेहरा खुला हुआ था।दोनों कुछ समझ पाते, उससे पहले बदमाश उन्हें जबरन मकान के नीचे बने कमरे में ले गए और बंदूकें तानकर धमकाने लगे।

‘तुम्हारी हत्या की 2 करोड़ में सुपारी ली है’

पीड़ित परिवार के अनुसार, कमरे में ले जाकर बदमाशों ने सिद्धांत को मानसिक रूप से डराने की कोशिश की। उन्होंने दावा किया कि उसकी हत्या करने के लिए दो करोड़ रुपये की सुपारी ली गई है।इसके बाद बदमाशों ने दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगते हुए कहा कि यदि रकम नहीं दी गई तो उसे मौके पर ही गोली मार दी जाएगी। हथियारों से घिरे सिद्धांत ने अपनी जान बचाने की गुहार लगाई, लेकिन बदमाश लगातार परिवार को धमकाते रहे।पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि रंगदारी और कथित सुपारी की धमकी का डकैती से कोई संबंध है या नहीं।

पहली मंजिल पर पहुंचकर पूरे परिवार को बनाया बंधक

बदमाश इसके बाद सिद्धांत और चौकीदार को गन प्वाइंट पर पहली मंजिल पर ले गए, जहां उद्योगपति नरेंद्र कबाड़ी और उनकी पत्नी सुशीला देवी मौजूद थीं।चारों बदमाशों ने परिवार के सभी सदस्यों को एक स्थान पर बैठाकर बंधक बना लिया और उन पर हथियार तान दिए। विरोध की कोई गुंजाइश न रहे, इसके लिए लगातार जान से मारने की धमकियां दी जाती रहीं।करीब 45 मिनट तक बदमाश पूरे घर में बेखौफ घूमते रहे और एक-एक कमरे की तलाशी लेते रहे।

सीसीटीवी कैमरे तोड़े, DVR भी उखाड़कर ले गए

वारदात को अंजाम देने आए बदमाश पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। उन्होंने घर के अंदर और बाहर लगे कई सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया।

इतना ही नहीं, पहचान और सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी सिस्टम की डीवीआर (DVR) भी अपने साथ ले गए। हालांकि मकान के निचले हिस्से में लगे एक कैमरे में कुछ संदिग्ध गतिविधियां कैद होने की जानकारी सामने आई है, जिसकी फुटेज पुलिस ने कब्जे में ले ली है।पुलिस अधिकारियों का मानना है कि फुटेज और तकनीकी साक्ष्य जांच में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

डेढ़ किलो सोना और लाखों की नकदी पर हाथ साफ

परिवार के मुताबिक बदमाश सीधे उन स्थानों पर पहुंचे जहां कीमती सामान रखा हुआ था। उन्होंने अलमारियों, लॉकरों और अन्य सुरक्षित स्थानों को खंगाला और करीब डेढ़ किलो सोने के आभूषण तथा 10 लाख रुपये से अधिक की नकदी लूट ली।जिस तरीके से बदमाशों ने घर की तलाशी ली, उससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि उन्हें मकान की बनावट और अंदर रखे कीमती सामान की पहले से जानकारी थी।यही कारण है कि पुलिस परिवार के नजदीकी लोगों, कर्मचारियों और अन्य संबंधित व्यक्तियों से भी पूछताछ कर रही है।

कार नहीं खुली तो मालिक की बाइक लेकर फरार

डकैती के दौरान बदमाशों ने सिद्धांत से उसकी कार की चाबी भी छीन ली और कार लेकर भागने की कोशिश की। लेकिन किसी तकनीकी कारण से कार अनलॉक नहीं हो सकी।इसके बाद बदमाशों ने सिद्धांत की बाइक अपने कब्जे में ली और उसी पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

घटना के बाद किसी तरह परिवार ने खुद को संभाला और चौकीदार के मोबाइल फोन से पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी, हापुड़ के एसपी ज्ञानंजय सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के निर्देश दिए।

मेरठ जोन की तीन स्पेशल टीमें जांच में जुटीं

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए जिला पुलिस के अलावा मेरठ जोन स्तर पर तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है।

पुलिस परिवार के सदस्यों, चौकीदार, चालक विनीत और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही हैअधिकारियों का दावा है कि कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

व्यापारियों में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

शहर के प्रमुख उद्योगपति के घर हुई इस बड़ी डकैती के बाद व्यापारिक वर्ग में भय और आक्रोश का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि जब शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में रहने वाले बड़े कारोबारी का परिवार सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।व्यापारिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही शहर में रात्रि गश्त बढ़ाने और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई है।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

Next Story