Hapur News: पत्रकार नसीम अहमद मामला, व्यापारियों ने निष्पक्ष जांच मांगी

Hapur News: हापुड़ देहात थाने पहुंचे संयुक्त व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया।

Avnish Pal
Published on: 19 Oct 2026 10:07 PM IST
Hapur News: पत्रकार नसीम अहमद मामला, व्यापारियों ने निष्पक्ष जांच मांगी
X

Hapur News: पत्रकार नसीम अहमद की मौत का मामला सामने आने के बाद हापुड़ में हलचल तेज हो गई है। जरोठी रोड स्थित आटा मिल पर हुए विवाद के बाद पत्रकार की मौत को लेकर जहां पुलिस कार्रवाई जारी है, वहीं अब व्यापारी वर्ग ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। सोमवार देर रात संयुक्त व्यापार मंडल के बैनर तले दर्जनों व्यापारी थाना हापुड़ देहात पहुंचे और थाना प्रभारी पारस मलिक से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा। व्यापारियों ने साफ कहा कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो, लेकिन किसी निर्दोष को बिना ठोस साक्ष्य के परेशान न किया जाए।

पत्रकार की मौत से व्यापारी वर्ग में भी चिंता

पत्रकार नसीम अहमद की मौत की घटना ने जिले में गंभीर सवाल खड़े किए हैं। सोमवार देर रात व्यापारियों का थाने पहुंचना इस बात का संकेत है कि मामला अब केवल पुलिस कार्रवाई तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि निष्पक्ष जांच और कानूनी प्रक्रिया को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित अग्रवाल छावनी वालों के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने दिवंगत पत्रकार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की और मामले में न्याय सुनिश्चित करने की मांग रखी।

‘दोषी बचें नहीं और निर्दोष फंसें नहीं’

थाना प्रभारी पारस मलिक के सामने व्यापारियों ने मांग रखी कि पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जाए। घटनास्थल से जुड़े तथ्यों, उपलब्ध साक्ष्यों, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यगत पहलुओं के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होनी चाहिए। व्यापारियों का कहना था कि किसी भी गंभीर मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई जरूरी है, लेकिन जांच के दौरान निर्दोष व्यक्तियों का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए।व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग किसी आरोपी को बचाने की नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की है। उनका कहना था कि यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए, लेकिन केवल आरोपों के आधार पर किसी को दोषी नहीं माना जाना चाहिए।

थाना प्रभारी ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा

व्यापारियों की बात सुनने के बाद थाना प्रभारी पारस मलिक ने उन्हें निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले में उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करेगी। जांच के निष्कर्षों के अनुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

पुलिस के आश्वासन के बाद व्यापारी प्रतिनिधिमंडल वापस लौट गया। हालांकि, मामले में निष्पक्ष जांच की मांग के बीच अब पुलिस की कार्रवाई और जांच के नतीजों पर लोगों की निगाहें टिकी हैं।

इन व्यापारियों ने उठाई आवाज

थाना हापुड़ देहात पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित अग्रवाल छावनी वाले, सांसद प्रतिनिधि अशोक बबली, टुक्कीराम गर्ग, बिजेंद्र पंसारी, राजीव गर्ग दत्तियाने वाले, मनोज, शरद अग्रवाल राम, विमलेश गोयल, जयप्रकाश, मनोज गोयल चावल वाले, मनोज गर्ग, बिट्टू, सौरभ चक्की वाले, शरद सर्राफ, बोबी गैस वाले, अजय कंसल, विजय शर्मा और संजय डाबर सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story