TRENDING TAGS :
Hapur News: दहशत में बदलीं गोद भराई की खुशियां, खाना खाते ही एक-एक कर बिगड़ी परिवार की तबीयत
Hapur News: हापुड़ में गोद भराई कार्यक्रम के दौरान खाना खाने के बाद एक ही परिवार के कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जांच जारी है।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के गांव असौड़ा में गोद भराई की खुशियां उस समय चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गईं, जब समारोह से लौटने के कुछ घंटों बाद ही एक ही परिवार के करीब एक दर्जन लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उल्टी, दस्त, तेज पेट दर्द और शरीर में दर्द की शिकायत के बाद देर रात सभी को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। एक साथ इतने लोगों के बीमार पड़ने से ग्रामीण भी दहशत में आ गए।
बुलंदशहर के गोद भराई समारोह में शामिल हुआ था परिवार
जानकारी के अनुसार थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा निवासी नितिन की शादी बुलंदशहर जिले के थाना जहांगीराबाद क्षेत्र स्थित गांव सलगमा निवासी मीनाक्षी से तय हुई है। गोद भराई की रस्म के लिए नितिन अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ सलगमा गांव गया था। परिवार के लोगों के मुताबिक समारोह में सभी ने छोले, मटर पनीर, चावल और रसगुल्ले समेत कई व्यंजन खाए थे। रस्म पूरी होने के बाद शाम को सभी लोग वापस असौड़ा गांव लौट आए। उस समय तक सबकुछ सामान्य था और परिवार में शादी की तैयारियों को लेकर खुशी का माहौल था।
रात होते ही शुरू हुआ दर्द और बेचैनी
परिवार के लोगों के अनुसार रात होते-होते कई सदस्यों को अचानक पेट दर्द और बेचैनी महसूस होने लगी। शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य गैस या अपच समझा, लेकिन थोड़ी ही देर में कई लोगों को उल्टी और दस्त शुरू हो गए। स्थानीय स्तर पर दवा लेने के बावजूद किसी को आराम नहीं मिला। देर रात अचानक हालात और बिगड़ गए। कुछ लोगों को तेज पेट दर्द के साथ हाथ-पैर और पूरे शरीर में दर्द की शिकायत होने लगी। जैसे-जैसे एक के बाद एक लोगों की तबीयत बिगड़ती गई, परिवार में चीख-पुकार मच गई। पड़ोसियों और ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
देर रात गांव पहुंची एंबुलेंस
सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की टीम गांव पहुंची और सभी बीमार लोगों को जिला अस्पताल हापुड़ लेकर आई। एक साथ बड़ी संख्या में मरीज पहुंचने से अस्पताल में भी कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत सभी मरीजों का उपचार शुरू किया। प्राथमिक जांच में चिकित्सकों ने फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है। फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
परिवार के कई सदस्य आए फूड पॉइजनिंग की चपेट में
फूड पॉइजनिंग की चपेट में आने वालों में नितिन, उसकी बहन प्रवेश, बहनोई सुनील, बड़ा भाई दीपक, भाभी रिकी, मां शीला, बहन ललिता, बहनोई संजय, सात वर्षीय भांजा देव और पिता नानकचंद समेत परिवार के अन्य सदस्य शामिल हैं। परिवार का कहना है कि समारोह में भोजन करने के बाद ही सभी की तबीयत बिगड़ी, जिससे खाने में गड़बड़ी की आशंका और मजबूत हो गई है।
सभी मरीजों की हालत स्थिर
जिला अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हेमलता सिंह ने बताया कि फूड पॉइजनिंग की आशंका को देखते हुए सभी मरीजों का इलाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल सभी की हालत स्थिर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है।


