Hapur News: हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुसी बाइक, दो युवकों की दर्दनाक मौत

Hapur News: हापुड़ में हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर घुस गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

Avnish Pal
Published on: 9 Jun 2026 2:52 PM IST
Hapur News
X

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में मंगलवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग-09 (NH-09) पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। बछलौता फ्लाईओवर के पास हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी जिंदगी की डोर टूट गई। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

उछलकर दूर जा गिरे युवक

जानकारी के अनुसार मंगलवार करीब 12 बजे दो युवक एक बाइक पर सवार होकर गाजियाबाद से गढ़मुक्तेश्वर की ओर जा रहे थे। जब उनकी बाइक बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के बछलौता फ्लाईओवर के निकट पहुंची तो अचानक अनियंत्रित हो गई और हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार तेज थी, जिसके कारण टक्कर बेहद जोरदार हुई। हादसे के बाद दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और एंबुलेंस

दुर्घटना की सूचना मिलते ही बाबूगढ़ थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

एक मृतक की हुई पहचान, दूसरे की शिनाख्त में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी बाबूगढ़ प्रवीण कुमार ने बताया कि मृतकों में से एक युवक की पहचान गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के गांव मिश्रीपुर निवासी दीपांशु (28) पुत्र मांगे सिंह के रूप में हुई है। जबकि दूसरे युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसके पास मिले सामान और अन्य माध्यमों से पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

हाईवे पर लगा जाम, पुलिस ने संभाली स्थिति

हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को सड़क से हटवाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं।

परिवार में मचा कोहराम

दीपांशु की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार दीपांशु अपने परिवार का जिम्मेदार सदस्य था और उसकी अचानक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

NH-09 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर हाईवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और नियमित निगरानी की मांग की है।

थाना प्रभारी ने क्या कहा?

थाना प्रभारी बाबूगढ़ प्रवीण कुमार ने बताया कि दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एक मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जबकि दूसरे युवक की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

Next Story