TRENDING TAGS :
Hapur News: ईद के दिन खूनी संघर्ष, 200 रुपये के विवाद ने लिया हिंसक रूप, पथराव में 15 से ज्यादा घायल
Hapur News: हापुड़ में ईद के दिन 200 रुपये के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच पथराव में 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए, पुलिस जांच में जुटी है।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के धौलाना थाना क्षेत्र के गांव शेखपुर खीचरा में ईद के दिन उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब महज 200 रुपये के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। ईद की नमाज के बाद गांव में दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर चलने लगे। संघर्ष इतना बढ़ गया कि पूरे गांव में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। वहीं इस घटना में दोनों पक्षों के 15 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हल्का बल प्रयोग कर हालात को नियंत्रित किया। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मजदूरी के 200 रुपये मांगने पर भड़का विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी गुफरान ने गांव के ही ठेकेदार फिरोज के पास मजदूरी की थी। आरोप है कि गुफरान के करीब 200 रुपये बकाया थे। बृहस्पतिवार को ईद की नमाज अदा करने के बाद गुफरान ने फिरोज से अपने पैसे मांगे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले दोनों पक्षों में केवल बहस हुई, लेकिन कुछ ही मिनटों में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से लोग जुटने लगे। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई।
लाठी-डंडों और पथराव से दहला गांव
वहीं गांव वालों का कहना है कि संघर्ष के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया। इसके बाद पथराव शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में भगदड़ जैसे हालात बन गए। महिलाएं और बच्चे जान बचाने के लिए घरों में छिप गए। मारपीट और पथराव में एक पक्ष से नदीम, इसरार, जुल्फिकार, कय्यूम, गुफरान, नईम और हसीन घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से आबिद, मुंशेद, मोनिस, साबिर, मोनू, जुबेर और रिजवान घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ घायलों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद कई घायलों को हापुड़ रेफर किया गया है।
पुलिस पहुंची तो मचा हड़कंप, कई लोग हिरासत में
वहीं घटना की सूचना मिलते ही धौलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा और स्थिति पर नियंत्रण पाया। पुलिस ने दोनों पक्षों के चार से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
थाना प्रभारी अवनीश शर्मा का बयान
वहीं इस बाबत जानकारी देते हुए धौलाना थाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि, 200 रुपये के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जो बाद में मारपीट और पथराव में बदल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है। गांव में पुलिस बल तैनात है तथा स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।


