TRENDING TAGS :
Hapur News: पुरानी रंजिश में युवक को बेरहमी से पीटा, बेहोश होने तक बरसाए लाठी-डंडे, मुकदमा दर्ज
Hapur News: हापुड़ में एक युवक पर बहन को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगा है। परिजनों ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई, पुलिस कई टीमों के साथ तलाश में जुटी है।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के थाना देहात क्षेत्र स्थित मोहल्ला अमन कॉलोनी असौड़ा में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों द्वारा घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस के चार युवकों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर युवक और उसके भतीजे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में एक युवक बेहोश हो गया, जबकि आरोपित घर में तोड़फोड़ कर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाली-गलौज के बाद शुरू किया हमला
पीड़ित नौशाद निवासी अमन कॉलोनी असौड़ा ने थाना देहात में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे पड़ोस में रहने वाले फरमान, जफरयाब, अरमान और रिजुल पुरानी रंजिश को लेकर उसके घर पहुंच गए। आरोप है कि आते ही चारों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। पीड़ित के अनुसार आरोपितों ने उसके साथ-साथ उसके भतीजे शाकीब को भी निशाना बनाया और बेरहमी से पीटा। हमले के दौरान शाकीब गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। घटना के दौरान परिवार की महिलाओं और बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
घर में घुसकर की तोड़फोड़
पीड़ित परिवार का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपित घर के अंदर घुस आए और घरेलू सामान में जमकर तोड़फोड़ की। कमरे में रखा सामान बिखेर दिया गया और कई सामान क्षतिग्रस्त हो गए। अचानक हुए हमले से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। वहीं शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को संभाला और परिवार को मदद पहुंचाई।
मोहल्ले में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने थाना देहात पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना देहात प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि मारपीट और तोड़फोड़ की शिकायत मिली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


