Hapur News: जीएसटी विभाग का बाबू 24 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, कार्रवाई से मचा हड़कंप

Hapur News: हापुड़ में जीएसटी विभाग के बाबू को 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया।

Avnish Pal
Published on: 29 May 2026 1:48 PM IST
Hapur News
X

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद में शुक्रवार को मेरठ विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जीएसटी विभाग के एक बाबू को 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद रेवती कुंज स्थित जीएसटी कार्यालय में हड़कंप मच गया। अचानक हुई विजिलेंस रेड से विभागीय कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विजिलेंस टीम आरोपित को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंची, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि, आरोपित बाबू लंबे समय से एक फाइल को पास कराने के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहा था। परेशान होकर पीड़ित ने मेरठ विजिलेंस से शिकायत की, जिसके बाद पूरी योजना बनाकर टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

फाइल पास कराने के बदले मांगी थी रिश्वत

जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव दादरी निवासी चमन सिंह का जीएसटी विभाग में एक जरूरी कार्य लंबित था। आरोप है कि सहायक आयुक्त खंड-चार में तैनात स्टेनो बाबू जयदीप ने फाइल आगे बढ़ाने और काम कराने के एवज में 24 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित का आरोप है कि बाबू लगातार रिश्वत देने का दबाव बना रहा था। इतना ही नहीं, रिश्वत नहीं देने पर फाइल को लंबित रखने और कार्य में अड़चन पैदा करने की धमकी भी दी जा रही थी। लगातार हो रही मांग और मानसिक दबाव से परेशान होकर चमन सिंह ने मेरठ विजिलेंस विभाग से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

विजिलेंस ने गोपनीय जांच के बाद बिछाया जाल

वहीं इसकी शिकायत मिलने के बाद मेरठ विजिलेंस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गोपनीय जांच शुरू की। जांच के दौरान रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद विजिलेंस अधिकारियों ने आरोपित को रंगेहाथ पकड़ने के लिए विशेष रणनीति तैयार की। जिसके बाद शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे विजिलेंस की टीम सादी वर्दी में रेवती कुंज स्थित जीएसटी कार्यालय पहुंची। योजना के तहत पीड़ित चमन सिंह रिश्वत की रकम लेकर आरोपित बाबू के पास पहुंचा। जैसे ही जयदीप ने 24 हजार रुपये अपने हाथ में लिए, पहले से मौके पर मौजूद विजिलेंस टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद कार्यालय में मची अफरा-तफरी

वहीं विजिलेंस की अचानक कार्रवाई होते ही जीएसटी कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। कार्यालय में मौजूद कर्मचारी और अन्य लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। कुछ देर के लिए पूरे कार्यालय में हलचल का माहौल बना रहा। विजिलेंस अधिकारियों ने आरोपित के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर ली। इसके बाद टीम उसे अपने साथ लेकर कोतवाली पहुंची, जहां आगे की पूछताछ की गई। बताया जा रहा है कि विजिलेंस टीम आरोपित से यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं रिश्वतखोरी का यह खेल लंबे समय से तो नहीं चल रहा था।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

वहीं नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि, विजिलेंस टीम द्वारा आरोपित बाबू के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उधर, इस कार्रवाई के बाद सरकारी विभागों में भी खलबली मची हुई है। आम लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह लगातार कार्रवाई होती रही तो सरकारी कार्यालयों में फैले भ्रष्टाचार पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।

हापुड़ में विजिलेंस की कार्रवाई बनी चर्चा का विषय

वहीं हापुड़ में जीएसटी विभाग के बाबू की रिश्वत लेते गिरफ्तारी पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही। लोग विजिलेंस टीम की कार्रवाई की सराहना करते नजर आए। वहीं विभागीय कर्मचारियों में भी डर और सतर्कता का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी दफ्तरों में आम जनता को छोटे-छोटे कामों के लिए चक्कर लगाने पड़ते हैं और कई जगह रिश्वत मांगना आम बात बन चुकी है। ऐसे में विजिलेंस की यह कार्रवाई भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बड़ा संदेश मानी जा रही है।

Anjali Soni

Anjali Soni

News Publisher Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story