TRENDING TAGS :
Hapur News: दलित छात्रा हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे हरीश हूण हाउस अरेस्ट, पुलिस ने रोका
Hapur News: हापुड़ में दलित छात्रा हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे भाकियू लोकहित के राष्ट्रीय प्रवक्ता हरीश हूण को पुलिस ने उनके आवास पर रोक दिया। मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: मेरठ में चर्चित दलित छात्रा हत्याकांड को लेकर प्रदेशभर में सियासी और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच भारतीय किसान यूनियन (लोकहित) के राष्ट्रीय प्रवक्ता हरीश हूण को शुक्रवार सुबह पुलिस ने उनके हापुड़ स्थित आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया। हरीश हूण मेरठ जाकर मृतक छात्रा के परिजनों से मुलाकात करने और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा देने वाले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी।सुबह से ही उनके आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मियों ने स्पष्ट रूप से उन्हें मेरठ जाने से रोक दिया, जिसके बाद संगठन के कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। मामले की जानकारी मिलते ही समर्थकों और किसान नेताओं के बीच चर्चा का दौर शुरू हो गया।
पीड़ित परिवार को सांत्वना देने जा रहे थे हरीश हूण
हरीश हूण ने कहा कि मेरठ में हुई दलित छात्रा की हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। वह शोक संतप्त परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना देना चाहते थे और यह भरोसा दिलाना चाहते थे कि समाज और किसान संगठन उनके साथ खड़े हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी ठोस कारण के उन्हें घर में नजरबंद किया गया है। उनका कहना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी नागरिक को पीड़ित परिवार से मिलने और संवेदना व्यक्त करने का अधिकार है, लेकिन प्रशासन ने उनके इस अधिकार का हनन किया है।
प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना दलित छात्रा हत्याकांड
मेरठ में दलित छात्रा की हत्या का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। घटना के बाद प्रदेशभर में राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मुलाकात कर रहे हैं। कई नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।यही कारण है कि इस मामले को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। संवेदनशील माहौल और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए कई स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
हाउस अरेस्ट पर भड़के किसान नेता
हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद हरीश हूण ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति का उद्देश्य केवल पीड़ित परिवार से मिलना और न्याय की आवाज उठाना है तो उसे रोकना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के खिलाफ है।भाकियू लोकहित से जुड़े कार्यकर्ताओं ने भी इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई और कहा कि प्रशासन को जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के लोगों को पीड़ित परिवार तक पहुंचने से नहीं रोकना चाहिए।
पुलिस ने कानून-व्यवस्था का दिया हवाला
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेरठ में चल रहे संवेदनशील माहौल और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के उद्देश्य से एहतियातन कदम उठाए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसी को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया गया है।


