Hapur News: तड़के 4 बजे तेज धमाके के साथ मकान के दो कमरे ढहे, परिवार ने भागकर बचाई जान

Hapur News: हापुड़ में तड़के करीब 4 बजे धमाके जैसी तेज आवाज के साथ एक मकान के दो कमरे ढह गए। परिवार के सदस्यों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Avnish Pal
Published on: 10 July 2026 4:06 PM IST
Hapur News
X

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब लोगों के लिए जानलेवा साबित होने लगी है। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के शरावनी गांव में शुक्रवार तड़के एक ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसने पूरे गांव को दहला दिया। सुबह करीब चार बजे अचानक तेज धमाके जैसी आवाज हुई और कुछ ही सेकंड में एक मकान के दो कमरे भरभराकर जमींदोज हो गए।हादसे के वक्त पूरा परिवार मकान में मौजूद था, लेकिन किस्मत ने साथ दिया और सभी सदस्य बाल-बाल बच गए।परिवार के अनुसार रातभर हो रही बारिश के कारण मकान की दीवारें लगातार कमजोर होती जा रही थीं। सुबह करीब चार बजे अचानक मकान में दरारों की आवाजें आने लगीं। इससे पहले कि परिवार कुछ समझ पाता, मकान के दो कमरे अचानक मलबे में तब्दील हो गए। कमरे गिरते ही पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

कुछ मिनट की देरी होती तो मलबे में दब जाता पूरा परिवार

जानकारी के अनुसार शरावनी गांव निवासी महबूब पुत्र नजर अपने परिवार और बच्चों के साथ मकान में रह रहे थे। रात में बारिश बढ़ने पर उन्हें मकान की हालत पर शक हुआ, जिसके बाद वह परिवार को लेकर दूसरे कमरे में चले गए। इसी फैसले ने पूरे परिवार की जान बचा ली। ग्रामीणों का कहना है कि यदि परिवार कुछ मिनट और उन कमरों में रुका रहता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

बारिश ने खोली जर्जर मकानों की पोल

घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लगातार बारिश के कारण गांव के कई कच्चे और पुराने मकानों में दरारें पड़ चुकी हैं। लोगों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो अन्य मकान भी गिर सकते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में जर्जर मकानों का सर्वे कराए जाने और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता दिए जाने की मांग की है।

सूचना मिलते ही दौड़ी पुलिस, प्रशासन को भेजी रिपोर्ट

घटना की सूचना फोन द्वारा दी गई। सूचना मिलते ही बाबूगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी। साथ ही एसडीएम को भी मामले से अवगत करा दिया गया है।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story