Hapur News: गोल गप्पे खा रहे दो भाइयों पर लाठी-सरिया से हमला, सिर में चोट लगने से एक बेहोश

Hapur News: हापुड़ में गोल गप्पे खा रहे दो भाइयों पर लाठी-सरिया से हमला कर दिया गया। सिर में चोट लगने से एक भाई बेहोश हो गया।

Avnish Pal
Published on: 16 Aug 2026 12:08 PM IST
Hapur News
X

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: सदर कोतवाली क्षेत्र की चंद्रलोक कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब गोल गप्पे खा रहे दो भाइयों पर चार युवकों ने लाठी-डंडों और लोहे की सरिया से हमला कर दिया। आरोप है कि मामूली कहासुनी के बाद आरोपियों ने दोनों भाइयों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट कर दी। हमले में सिर पर गंभीर चोट लगने से एक भाई मौके पर ही बेहोश हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।मामले में पीड़ित की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पीछे से लाठी-डंडे और सरिया लेकर पहुंचे आरोपी

आदर्श नगर कॉलोनी निवासी सुमित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 अगस्त की शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपने भाई अमन के साथ मोदीनगर रोड स्थित चंद्रलोक कॉलोनी के पास गोल गप्पे खा रहा था। इसी दौरान आदर्श नगर कॉलोनी निवासी करन, प्रशांत, मोहित और महेश कथित रूप से हाथों में लाठी-डंडे और लोहे की सरिया लेकर वहां पहुंच गए।आरोप है कि चारों युवकों ने दोनों भाइयों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब सुमित और अमन ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने दोनों पर हमला कर दिया। देखते ही देखते मौके पर अफरातफरी मच गई और आरोपियों ने लाठी-डंडों के साथ लोहे की सरिया से भी वार किए।

सिर में चोट लगने से बेहोश हुआ पीड़ित

पीड़ित के अनुसार, हमले के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट लग गई, जिसके बाद वह मौके पर ही बेहोश हो गया। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया। दोनों भाइयों के शोर की आवाज सुनकर जब आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे तो आरोपी कथित रूप से दोनों को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित के अनुसार, देर रात उसे होश आया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने सदर कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मामले में पुलिस ने पीड़ित सुमित कुमार की तहरीर के आधार पर करन, प्रशांत, मोहित और महेश के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटना के कारण, मारपीट में इस्तेमाल किए गए हथियारों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।एसएचओ सदर मनीष चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story