Hapur News: खेत उजाड़ा, पेट में मारी लात, विधवा महिला ने चचिया ससुर पर दर्ज कराया मुकदमा

Hapur News: हापुड़ में एक विधवा महिला ने चचिया ससुर पर खेत उजाड़ने, पेट में लात मारने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।

Avnish Pal
Published on: 29 May 2026 3:00 PM IST
Hapur News
X

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव मीरपुर माजरा भटियाना में जमीन विवाद को लेकर एक विधवा महिला के साथ मारपीट और खेत की फसल नष्ट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के चचिया ससुर ने ट्रैक्टर से खेत की खड़ी फसल जोतकर बर्बाद कर दी। जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और पेट में लात मारकर जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में थाना हाफिजपुर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रतारणा का लगाया आरोप

यहां पीड़िता रितु रावत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति का निधन 23 मई 2023 को हो गया था। पति की मौत के बाद से ही वह अपने बच्चों के साथ गांव में रहकर खेतीबाड़ी के जरिए परिवार का पालन-पोषण कर रही है। पति की मृत्यु के बाद जमीन उसके और बच्चों के नाम वारिस के रूप में दर्ज है, लेकिन तभी से उसका चचिया ससुर शिवेंद्र रावत जमीन को लेकर लगातार विवाद करता चला आ रहा है। महिला का आरोप है कि शिवेंद्र रावत आए दिन उसे और उसके बच्चों को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता है। कई बार धमकी भी दी गई कि वह जमीन छोड़ दे, लेकिन परिवार की जीविका का यही एकमात्र सहारा होने के कारण उसने खेत नहीं छोड़ा।

ट्रैक्टर से जोत दी पूरी फसल

पीड़िता के अनुसार 23 मई 2026 की दोपहर करीब साढ़े चार बजे शिवेंद्र रावत ट्रैक्टर लेकर उसके खेत पर पहुंचा और बिना किसी सूचना या कारण के खेत में खड़ी फसल को ट्रैक्टर से जोतना शुरू कर दिया। देखते ही देखते पूरी फसल बर्बाद हो गई। महिला ने आरोप लगाया कि इस घटना में उसे करीब 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। जब वह अपनी फसल बचाने के लिए खेत की ओर दौड़ी और विरोध किया तो आरोपित आगबबूला हो गया। आरोप है कि उसने महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। गांव के कई लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन आरोपित का गुस्सा नहीं थमा।

पेट में मारी लात, दी जान से मारने की धमकी

पीड़िता का कहना है कि आरोपित ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की और पेट में जोरदार लात मारी, जिससे वह दर्द से चीख उठी। महिला ने आरोप लगाया कि शिवेंद्र रावत ने उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया।घटना से डरी-सहमी महिला ने थाना हाफिजपुर पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। महिला ने बताया कि वह पहले भी कई बार उत्पीड़न का शिकार हो चुकी है, लेकिन इस बार आरोपित ने सारी हदें पार कर दीं।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

वहीं इस बाबत जानकारी देते हुए थाना हाफिजपुर प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि, पीड़िता की तहरीर के आधार पर शिवेंद्र रावत के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Anjali Soni

Anjali Soni

News Publisher Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story