Hapur News: महिला को सपरिवार जान से मारने की धमकी, दहशत में लोग

Hapur News: हापुड़ में एक महिला को सपरिवार जान से मारने की धमकी मिलने से इलाके में डर और दहशत का माहौल बन गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी।

Avnish Pal
Published on: 12 May 2026 12:59 PM IST
Hapur News
X

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक अज्ञात कॉलर ने महिला समेत उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे दी। लगातार आ रही धमकी भरी कॉल्स के बाद परिवार में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शाम को आई धमकी भरी कॉल

जानकारी के मुताबिक गांव दोयमी निवासी मोनिका ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि 8 मई की शाम करीब छह बजे उसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। आरोप है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने फोन पर महिला के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उसके बाद महिला व उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि कॉल करने वाला व्यक्ति लगातार डराने और धमकाने की कोशिश कर रहा था, जिससे वह काफी घबरा गई।

परिवार के दूसरे सदस्यों को भी किया परेशान

महिला के मुताबिक मामला सिर्फ एक कॉल तक सीमित नहीं रहा। आरोपित ने परिवार के अन्य सदस्यों के मोबाइल नंबरों पर भी फोन किए। फोन पर गाली-गलौज करने के साथ गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी गईं। लगातार मिल रही धमकियों से पूरा परिवार सहम गया है। परिवार को डर है कि आरोपित किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है। इसी वजह से परिवार ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।

डर के साए में जी रहा परिवार

पीड़िता का कहना है कि अज्ञात व्यक्ति लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रहा है। घर के सभी सदस्य डर के माहौल में रहने को मजबूर हैं। परिवार को हर समय किसी अनहोनी का डर सता रहा है। घटना के बाद गांव में भी इस मामले को लेकर चर्चा बनी हुई है और लोग पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले में थाना हापुड़ देहात प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब कॉल करने वाले नंबर की कॉल डिटेल और लोकेशन खंगाल रही है। पुलिस ने बताया कि साइबर टीम की मदद से आरोपित तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story