TRENDING TAGS :
Hapur News: NH-9 पर खड़े पिकअप में बाइक घुसी, गढ़ गंगा जाते समय तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत
Hapur News: हापुड़ में NH-9 पर खड़े पिकअप में पीछे से बाइक टकरा गई। हादसे में गढ़ गंगा जा रहे तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में नेशनल हाईवे-9 पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर जट के पास हाईवे किनारे खड़े पिकअप वाहन में पीछे से एक मोटरसाइकिल टकरा गई। बाइक पर तीन लोग सवार थे। टक्कर इतनी गंभीर थी कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। हादसे में तीनों बाइक सवारों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसर गया।
अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे तीनों
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दोपहर करीब एक बजे पीआरवी-5681 को एनएच-9 पर गांव शाहपुर जट के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही बाबूगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल संख्या UP14 FQ 5711 पर सवार तीन लोग गाजियाबाद के नंदग्राम से गढ़ गंगा जा रहे थे। तीनों अपने मकान मालिक के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली।
हाईवे किनारे खड़े पिकअप से टकराई बाइक
पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल गांव शाहपुर जट के पास पहुंची तो हाईवे किनारे खड़े पिकअप वाहन संख्या RJ23 GC 4901 में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर के बाद तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो घायलों को एंबुलेंस की मदद से तत्काल सीएचसी हापुड़ भेजा गया। अस्पताल में उपचार के दौरान दोनों घायलों की भी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान, तीन घरों में पसरा मातम
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है।गोविंद, पुत्र रामेश्वर, उम्र करीब 35 वर्ष। रवि, पुत्र रामेश्वर, उम्र करीब 37 वर्ष।ब्रजेश, पुत्र हरि सिंह, उम्र करीब 45 वर्ष तीनों गाजियाबाद के नंदग्राम स्थित गली नंबर-16 के निवासी बताए गए हैं। एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर निकले तीनों लोगों की मौत की खबर से उनके परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
क्रेन से हटवाए गए दुर्घटनाग्रस्त वाहन
हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की सहायता से हटवाया गया, ताकि हाईवे पर यातायात प्रभावित न हो। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। हाईवे किनारे खड़े पिकअप वाहन की स्थिति और दुर्घटना के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।


