Hapur News: NH-9 पर चलती बाइक बनी आग का गोला, युवक जिंदा जला, हादसे से मचा हड़कंप

Hapur News: हापुड़ के बागड़पुर फ्लाईओवर के पास चलते-चलते बाइक में लगी भीषण आग, युवक लपटों में घिरा, मौके पर मौत से हाईवे पर हड़कंप मच गया।

Avnish Pal
Published on: 14 May 2026 9:55 PM IST
Moving bike becomes ball of fire on NH-9, youth burns alive, child killed in Hadse
X

NH-9 पर चलती बाइक बनी आग का गोला, युवक जिंदा जला, हादसे से मचा हड़कंप (Photo- Newstrack)

Hapur News: हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर बुधवार को ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने मौके पर मौजूद लोगों की रूह कंपा दी। बागड़पुर फ्लाईओवर के पास चलती बाइक अचानक आग का गोला बन गई और बाइक सवार युवक आग की लपटों में घिर गया। देखते ही देखते युवक बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि युवक संभल भी नहीं पाया। कुछ ही सेकेंड में पूरी बाइक धू-धू कर जलने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने मदद की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण कोई युवक के करीब नहीं पहुंच सका।

अमरोहा से हापुड़ आ रहा था युवक

जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान अमरोहा जनपद के ग्राम भोगपुरा रहरा निवासी अजीत के रूप में हुई है। बताया गया कि अजीत गढ़मुक्तेश्वर की ओर से हापुड़ की तरफ बाइक से आ रहा था। जैसे ही वह बाबूगढ़ क्षेत्र में बागड़पुर फ्लाईओवर के पास पहुंचा, तभी अचानक बाइक से धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही पलों में आग भड़क उठी।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवक बाइक रोकने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आग ने अचानक विकराल रूप ले लिया। इससे पहले कि वह बाइक से सुरक्षित उतर पाता, आग ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

युवक की चीखें सुन दहल गए राहगीर

हादसे के दौरान हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने जब युवक की चीखें सुनीं तो कई लोग अपने वाहन रोककर मौके की ओर दौड़े। लोगों ने मिट्टी और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही मिनटों में बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई।घटना के चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया। लोग अपने मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए, जबकि कई लोग हादसे को देखकर स्तब्ध रह गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया और गंभीर रूप से झुलसे युवक को तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। हालांकि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में, शॉर्ट सर्किट की आशंका

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में बाइक के इंजन, वायरिंग या पेट्रोल टैंक में तकनीकी खराबी के चलते आग लगने की आशंका सामने आ रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने जली हुई बाइक के अवशेषों की जांच की।पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

हादसे के बाद हाईवे पर दहशत

इस दर्दनाक घटना के बाद NH-9 से गुजरने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने पहली बार किसी चलती बाइक को अचानक आग का गोला बनते देखा। हादसे ने सड़क सुरक्षा और वाहन फिटनेस को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story